August 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अमेरिका में गन कंट्रोल कानून को राष्ट्रपति बाइडेन की मंजूरी

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने संसद से पारित गन कंट्रोल कानून पर दस्तखत कर दिए हैं। बाइडेन ने कहा है कि इस कानून के लागू होने से अमेरिका में आए दिन होने वाली फायरिंग की घटनाएं रुकेंगी और निर्दोष लोगों को जान नहीं गंवाना पड़ेगा। पिछले दिनों टेक्सास राज्य के एक स्कूल में हुई फायरिंग की घटना में 21 लोगों की जान जाने के बाद बाइडेन ने संसद से इस बारे में कानून बनाने की गुजारिश की थी। तो अब देखते हैं कि क्या है गन कंट्रोल कानून और क्या इससे अमेरिका में होने वाली फायरिंग की घटनाएं रोकी जा सकेंगी?

गन कंट्रोल लॉ या GCL के तहत कम उम्र के लोग अगर बंदूक खरीदने जाएंगे, तो उनकी पूरी पृष्ठभूमि की कड़ी जांच होगी। इसके अलावा राज्यों को खतरनाक हथियार लोगों से वापस लेने का अधिकार भी दिया गया है। इसके अलावा स्कूलों में सुरक्षा, लोगों के मानसिक स्वास्थ्य और हिंसा की रोकथाम के लिए होने वाले कार्यक्रमों की फंडिंग का भी इस कानून में प्रावधान किया गया है। जाहिर है, कम उम्र के लोगों के हथियार खरीदने पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई गई है। ऐसे में पृष्ठभूमि की जांच से फायरिंग की घटनाओं को रोकने में कितनी मदद मिलेगी, इस पर सवाल है। आम तौर पर देखा गया है कि स्कूलों में बरसों पहले पढ़ाई करके निकले हुए लोग कई बार वहां जाकर फायरिंग करते हैं। ऐसे लोगों पर रोक लगाने के लिए कानून में कोई कदम नहीं उठाया गया है।

अमेरिकी सीनेट ने गन कंट्रोल बिल को गुरुवार को पास कर दिया था। इसके बाद कानून को दस्तखत के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के पास भेजा गया था। इस पर बाइडेन ने खुशी जताई थी। उन्होंने कहा था कि ये कानून जिंदगी बचाने के लिए जरूरी था। हालांकि, कानून कितना प्रभावी होगा, इस बारे में बाइडेन ने अपनी आशंका भी जताई थी। उन्होंने कहा था कि ये कानून वो सब कुछ नहीं करता है, जो मैं चाहता हूं। यानी उनका भी ये मानना है कि गन कंट्रोल कानून के जरिए फायरिंग की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाना शायद संभव न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *