May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कर्नाटक के केरुर में छेड़छाड़ के बाद सांप्रदायिक हिंसा, जमकर तोड़फोड़ और आगजनी

बागलकोट। कर्नाटक के बागलकोट शहर के केरुर में दो गुटों में छेड़छाड़ पर हुई बहस के बाद बुधवार को सांप्रदायिक हिंसा का तांडव देखने को मिला। उग्र भीड़ ने जमकर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की। हिंसा में 3 लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस के मुताबिक दो पक्षों में बहस के बाद लोग दोनों तरफ से जुटने लगे और फिर हिंसा शुरू हो गई। कई जगह आगजनी की गई। गुमटियों और ठेलों को भीड़ ने तोड़ डाला। एहतियात के तौर पर केरुर में आज स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी कर दी गई है। बड़े पैमाने पर पुलिस और आरएएफ को तैनात किया गया है।

बागलकोट के डीएम सुनील कुमार ने मीडिया को बताया कि कस्बे में कल यानी 8 जुलाई की सुबह 8 बजे तक धारा 144 लगाई गई है। हिंसा के मामले में अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि बहस के तुरंत बाद कुछ लोगों का एक समूह बाजार में घुस गया और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के विरोध करने के बाद वे आगजनी पर उतारू हो गए। पुलिस के मुताबिक महिलाओं से छेड़खानी का विरोध करने पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई थी। जिसके बाद बवाल हो गया।

बता दें कि आमतौर पर शांत राज्य कहे जाने वाले कर्नाटक में बीते कुछ समय से माहौल लगातार गरमा रहा है। यहां पहले हिजाब विवाद के मुद्दे पर माहौल गरमाया था। इसके बाद हिंदू नववर्ष के मौके पर भी हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुई थीं। सूबे के सीएम बासवराज बोम्मई ने हर मामले के बाद कहा है कि उनकी सरकार अतिवादियों से सख्ती से निपटेगी। इस बार भी पुलिस कह रही है कि केरुर में दंगा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *