केरल के कन्नूर में RSS के दफ्तर पर बम धमाका, बीजेपी बोली- ये पुलिस से मिलीभगत कर किया गया
कन्नूर। केरल के कन्नूर में आज तड़के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ RSS के स्थानीय दफ्तर पर बम फेंका गया। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। कन्नूर के पय्यान्नूर थाने की पुलिस के मुताबिक बम के धमाके से खिड़की के शीशे टूट गए। किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है, क्योंकि हमला तड़के हुआ। उस वक्त दफ्तर में कोई मौजूद नहीं था। हमला किसने और क्यों किया, इसकी जांच पुलिस कर रही है। सीसीटीवी के फुटेज की पड़ताल की जा रही है। आरएसएस के दफ्तर पर बम हमले पर बीजेपी ने रोष जताते हुए केरल सरकार को घेरा है।
बीजेपी के नेता टॉम वडक्कन ने कहा है कि ये घटना चौंकाती भी है और दुर्भाग्यपूर्ण भी है। उन्होंने कहा कि कानून और व्यवस्था की स्थिति अब ये है कि सामाजिक संगठनों के दफ्तरों पर भी बमों से हमला किया जा रहा है। वडक्कन ने कहा कि ऐसी घटनाएं सभ्य समाज में कतई स्वीकार्य नहीं हैं। पहले भी आरएसएस के कार्यकर्ताओं पर हमले किए गए। इस तरह की कानून और व्यवस्था की खराब स्थिति से जल्दी निपटना होगा। बीजेपी नेता ने घटना के लिए राज्य प्रशासन और पुलिस को जिम्मेदार बताया और कहा कि केरल के लोग इस घटना पर झूठ सुनने और बोलने वाले नहीं हैं।
वडक्कन ने आगे कहा कि ऐसी घटनाओं में पुलिस की मिलीभगत बहुत खतरनाक है। ऐसे उदाहरण भी हमलों के हैं, जहां पुलिस थाना महज 100 मीटर दूर था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आरएसएस और बीजेपी के दफ्तरों को कन्नूर जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा देनी चाहिए। ऐसा नहीं किया गया है। मुझे कहते हुए दुख है कि ये लापरवाही के साथ मिलीभगत का मामला है। केरल सरकार को किसी भी राजनीतिक दल के दफ्तर को नुकसान के लिए जिम्मेदार ठहराया ही जाएगा।
