PM मोदी ने किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ, देशवासियों से की खास अपील
नई दिल्ली। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आगाज कर चुके हैं।बीते शुक्रवार को ही पीएम मोदी ने अभियान की शुरुआत की और देशवासियों से हर घर तिरंगा फहराने की अपील भी की।अभियान का शुभारंभ करते हुए पीएम ने आजादी, तिरंगे का इतिहास का भी जिक्र किया कि कैसे तिरंगे को लहराने के लिए और भारत को स्वतंत्रता दिलाने के लिए साहसी लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। बता दें कि पीएम मोदी के इस अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त के बीच सभी लोगों से तिरंगा फहराने की अपील की है।
पीएम मोदी ने की देशवासियों से अपील
पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा- इस वर्ष, जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, आइए हम हर घर तिरंगा आंदोलन को मजबूत करें। 13 से 15 अगस्त के बीच तिरंगा फहराएं या अपने घरों में प्रदर्शित करें। यह आंदोलन राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारे जुड़ाव को गहरा करेगा। उन्होंने आगे लिखा- ’22 जुलाई का हमारे इतिहास में विशेष महत्व है क्योंकि इसी दिन 1947 में भारत के राष्ट्रीय ध्वज को अपनाया गया था। पीएम ने ट्वीटर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा फहराए गए झंडे की तस्वीर भी शेयर की हैं।
अमित शाह भी कर चुके हैं देशवासियों के अपील
बता दें कि पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह भी लोगों से झंडा फहराने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- प्रधानमंत्री@narendramodi जी द्वारा आजादी के इस अमृत महोत्सव में #HarGharTiranga अभियान की शुरुआत की गयी है।इस अभियान से देशभर में लगभग 20 करोड़ घरों पर तिरंगे फहराये जाएँगे, जो हर नागरिक विशेषकर युवाओं के मन में देशभक्ति की अखंड ज्योति को और अधिक प्रखर करने का काम करेगा।मैं सभी से अपील करता हूँ कि 13 से 15 अगस्त तक सभी अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान से जुड़ें।इससे हमारी युवा पीढ़ी में हम तिरंगे के प्रति सम्मान और जुड़ाव को और बढ़ा पाएंगे साथ ही स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले वीरों का त्याग उन्हें बता पायेंगे।
