April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘नाटो से संघर्ष हुआ, तो दुनिया खत्म हो जाएगी’ , परमाणु बॉम्बर तैनाती के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन की चेतावनी

अस्ताना। यूक्रेन से सटे इलाकों में 11 परमाणु बमवर्षक विमान (बॉम्बर) तैनात करने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने चेतावनी दी है कि अगर नाटो देशों की सेना के साथ रूस का संघर्ष हुआ, तो इससे दुनिया का खात्मा हो जाएगा। पुतिन ने ये जानकारी भी दी कि रूस में 3 लाख अतिरिक्त सैनिकों की भर्ती अगले 2 हफ्ते में पूरी होगी। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी बातचीत से अभी इनकार कर दिया। साथ ही जी-20 देशों की बाली में होने वाली बैठक में जाने का फैसला न लिए जाने की भी बात कही। पुतिन ने शुक्रवार को कजाकस्तान की राजधानी अस्ताना में पत्रकारों से ये बात कही। पुतिन ने ये भी कहा कि युद्ध को खत्म कराने के लिए रूस के दोस्त भारत और चीन कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनको पता है कि यूक्रेन ऐसा नहीं चाहता है।

बता दें कि सितंबर में उज्बेकिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन SCO की बैठक के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की पुतिन से बातचीत हुई थी। दोनों ने ही युद्ध की जगह बातचीत का रास्ता अख्तियार करने की सलाह रूस के राष्ट्रपति को दी थी। पुतिन ने मीडिया से ये भी कहा कि अगर भविष्य में यूक्रेन ने आतंक पैदा करने वाला कोई काम किया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अनाज आपूर्ति के लिए काला सागर से दिया गया रास्ता भी बंद किया जाएगा। रूस ने जुलाई में काला सागर का रास्ता तब खोला था, जब संयुक्त राष्ट्र और तुर्किए ने उससे दुनिया को खाद्यान्न संकट से बचाने के लिए गुजारिश की थी। पुतिन ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यूक्रेन पर अभी बड़ी कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन सबकुछ उसके कदम को देखकर तय होगा। उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के फैसले में किसी हिचक या पश्चाताप से साफ इनकार किया। पुतिन ने कहा कि ऐसा करना जरूरी था।

उधर, बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको ने एक बार फिर चेतावनी जारी की है। लुकाशेंको ने कहा कि रूस के पास परमाणु हथियारों का सबसे बड़ा भंडार है। परमाणु हथियार का ये भंडार खास वजहों से तैयार किया गया है। इससे पहले लुकाशेंको ने यूक्रेन की सीमा पर अपने देश के सैनिक तैनात करने का भी आदेश दिया था। लुकाशेंको को पुतिन का खास माना जाता है। वो रूस के साथ मिलकर यूक्रेन की किसी हरकत का जवाब देने की बात भी कह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *