June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘…तो नीतीश कुमार की खाल उधेड़ दूंगा’, ओमप्रकाश राजभर के बिगड़े बोल

बलिया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बोल बिगड़ गए। उन्होंने शुक्रवार को विवादित बयान दिया। राजभर ने जनसभा में कहा कि अगर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने जातिगत जनगणना कराने का फैसला नहीं किया, तो वो 27 अक्टूबर को उनकी खाल उधेड़ देंगे। ‘सावधान रथ यात्रा’ निकाल रहे राजभर ने नीतीश के बारे में कहा कि पहले बीजेपी के साथ वो सरकार चला रहे थे। तब कहते थे कि जातिगत जनगणना कराने में सहयोगी बीजेपी बाधा बन रही है। अब तो बीजेपी साथ नहीं है। आरजेडी के साथ हैं, तो जातिगत जनगणना कराने का फैसला क्यों नहीं कर रहे हैं?

ओमप्रकाश राजभर ने आगे कहा कि इस बारे में देरी क्यों हो रही है? अगर नीतीश ने जवाब नहीं दिया, तो 27 तारीख को उनकी खाल उधेड़ दूंगा। पटना के गांधी मैदान में नीतीश से हिसाब लिया जाएगा। राजभर ने ये भी कहा कि इतिहास गवाह रहा है कि बिना गठबंधन के बीजेपी आज तक बिहार में खुद के दम पर सरकार नहीं बना सकी है। राजभर ने कहा कि उनकी रथयात्रा से सारी पार्टियां डर रही हैं। इन दलों को डर है कि राजभर जनता को जगा न दें। उन्होंने इससे पहले दावा किया था कि वोट की ताकत के दम पर वो साल 2024 में दिल्ली में अपनी पार्टी का पीला झंडा जरूर लहराएंगे।

ओमप्रकाश राजभर 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ थे। वो योगी सरकार में मंत्री भी बने थे। बाद में सरकार से अलग हो गए। इस साल यूपी विधानसभा चुनाव में उन्होंने अखिलेश की सपा से गठबंधन किया था। उससे भी अलग हो चुके हैं। पिछले कुछ समय से ओमप्रकाश राजभर एक बार फिर बीजेपी के करीब आते दिख रहे थे। राष्ट्रपति चुनाव में भी उन्होंने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का एलान किया था।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *