‘एक दूसरे से सीख और प्रेरणा लें सभी राज्य’ फरीदाबाद में चल रहे गृह मंत्रियों के चिंतन शिविर में बोले पीएम नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली। दिल्ली के फरीदाबाद के सूरजकुंड में सभी राज्यों के गृह मंत्रियों के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक चिंतन शिविर चल रहा है। इस चिंतन शिविर के अंतिम दिन (आज) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़ गए हैं। वे कार्यक्रम से जुड़े लोगों को संबोधित कर रहे हैं। बता दें इस शिविर में मौजूद सभी राज्यों के गृहमंत्रियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गृह मंत्रियों का ये चिंतन शिविर सहकारी संघवाद का एक उत्तम उदाहरण है। हर एक राज्य एक दूसरे से सीखे, एक दूसरे से प्रेरणा लें, देश बेहतरी के लिए काम करे, ये संविधान की भी भावना है और देशवासियों के प्रति हमारा दायित्व है।
इसके साथ ही PM मोदी ने कहा कि अगले आने वाले 25 साल देश में एक अमृत पीढ़ी के निर्माण के लिए समर्पित होंगे। ये अमृत पीढ़ी, पंच प्राणों के संकल्पों को धारण करके निर्मित होगी। विकसित भारत का निर्माण, गुलामी की हर सोच से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता-एकजुटता और नागरिक कर्तव्य इन पंच प्राणों का महत्व आप सभी जानते हैं। इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि जब देश का सामर्थ्य बढ़ेगा तो देश के हर नागरिक, हर परिवार का सामर्थ्य बढ़ेगा। यही तो सुशासन है, जिसका लाभ देश के हर राज्य को समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसमें आप सभी की बहुत बड़ी भूमिका है।
सभी राज्यों के गृह मंत्रियों के इस चिंतन शिविर में पीएम मोदी ने कहा कि आज NDRF के लिए देशवासियों के मन में कितना सम्मान है। आपदा के समय जैसे ही NDRF-SDRF की टीम पहुंचती है, वैसे ही लोगों को संतोष होने लगता है कि अब एक्सपर्ट पहुंच गए हैं, अब ये अपना काम कर लेंगे। गौरतलब है कि देश में आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से समय-समय पर सभी राज्यों के गृह मंत्रियों की बैठक होना जरूरी माना जाता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस चिंतन शिविर की अध्यक्षता कर रहे हैं।
