February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

श्रद्धा की हत्या के बाद रोज नोटबुक में अपनी गतिविधि लिखता था आफताब, दिल्ली पुलिस को कई नक्शे भी मिले

नई दिल्ली। श्रद्धा वालकर मर्डर केस का आरोपी आफताब पूनावाला रोज एक नोटबुक में अपनी गतिविधियां लिखता था। ये नोटबुक दिल्ली पुलिस ने बरामद की है। सूत्रों के हवाले से न्यूज चैनल ‘आज तक’ ने दावा किया है कि नोटबुक में आफताब ने बाकायदा श्रद्धा के कत्ल और उसकी लाश के टुकड़ों को ठिकाने लगाने के बारे में लिखा है। आफताब ने इस नोटबुक में कई जगहों के नाम भी लिखे हैं। माना जा रहा है कि इन जगहों पर उसने हत्या के बाद लाश को काटने वाले चाकू और श्रद्धा के मोबाइल फोन को ठिकाने लगाया। पुलिस अब उससे इसी नोटबुक के आधार पर पूछताछ कर रही है।

न्यूज चैनल के मुताबिक श्रद्धा की कत्ल के आरोपी आफताब के घर से पुलिस को कुछ नक्शे भी मिले हैं। इनमें दिल्ली और आसपास की जगहों को दिखाया गया है। आफताब के बारे में पुलिस को शक है कि उसने और लड़कियों से भी दोस्ती की और श्रद्धा को इसका पता चलने के बाद हुए झगड़े में कत्ल कर दिया। पहले ही ये खुलासा हो चुका है कि श्रद्धा की हत्या के बाद आफताब ने लाश के टुकड़े फ्रिज में रखे और उसके बाद एक लड़की को उसी घर पर मिलने के लिए बुलाया था।

श्रद्धा की नवंबर 2020 की पुलिस को दी गई शिकायती चिट्ठी भी आज सामने आई है। इस चिट्ठी में श्रद्धा ने लिखा था कि आफताब उसे आए दिन पीटता है। कत्ल करके लाश के टुकड़े करने की धमकी भी देता है। श्रद्धा के दोस्त के मुताबिक वो आफताब से पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन किस वजह से ऐसा नहीं कर सकी, इसका पता नहीं है। पुलिस अब पॉलीग्राफ और नारको टेस्ट के जरिए आफताब को सजा दिलाने की कोशिश में जुटी है। क्योंकि अब तक लाश काटने वाला चाकू और श्रद्धा वालकर की लाश बरामद नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *