June 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रूस-यूक्रेन जंग से दुनिया और लोगों को कितना नुकसान, ये आंकड़े जानकर आप दहल उठेंगे

कीव। इस साल फरवरी से रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। 9 महीने इस जंग को हो चुके हैं। जंग थमने के आसार भी नहीं दिख रहे हैं। इस जंग का खामियाजा सिर्फ यूक्रेन को ही नहीं भुगतना पड़ रहा है। पूरी दुनिया में रूस और यूक्रेन की जंग से किसी न किसी कारण हाहाकार है। दुनियाभर को इस जंग की वजह से 32 लाख करोड़ यानी करीब 4 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हो चुका है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलिंस्की के आर्थिक सलाहकार ओलेग उस्तेन्को ने ये बात कही है। उनके मुताबिक यूक्रेन को 1 ट्रिलियन डॉलर यानी 8 लाख करोड़ का नुकसान हुआ है। रूस अब तक 8000 अरब रुपए इस जंग में खर्च कर चुका है।

उस्तेन्को के मुताबिक यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिका और यूरोप के देश 12520 अरब रुपए के बराबर मुद्रा खर्च कर चुके हैं। इसके अलावा दुनिया को महंगाई, बेरोजगारी, भोजन और ईंधन की कीमतों वगैरा पर 3 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 24 लाख करोड़ रुपए जितनी चोट लग चुकी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार के मुताबिक जंग की वजह से दुनियाभर के करीब 20 करोड़ लोग भुखमरी के कगार पर हैं। लोगों के पास दो वक्त का भोजन तक नहीं है। बेरोजगारी और नौकरियां जाने से वे और संकट में हैं। इसके अलावा 30 साल की औसत उम्र के करीब 2 लाख सैनिक भी अपनी जान रूस और यूक्रेन के युद्ध में गंवा चुके हैं।

उस्तेन्को का दावा है कि 75 लाख यूक्रेनी नागरिक जंग की वजह से विस्थापित हुए हैं। बाकी 75 लाख बिजली, पानी, स्वास्थ्य वगैरा के लिए रोज संघर्ष कर रहे हैं। इस जंग में अब तक जितना धन खर्च हुआ है, वो रूस की अर्थव्यवस्था से दोगुना है। उस्तेन्को के मुताबिक रूस को फिर पैरों पर खड़ा करने के लिए हर रूसी को 10 साल तक मुफ्त में काम करना पड़ेगा। वहीं, यूक्रेन को पहले जैसी हालत में आने के लिए 20 साल लगेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *