May 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी, राजस्थान और बिहार में मौसम विभाग का अलर्ट, अगले 48 घंटे ठंड और कोहरा बरपाएगा कहर!

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में रेड अलर्ट है। वहीं, यूपी, राजस्थान और बिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ये अलर्ट ठंड और कोहरे की वजह से है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले 48 घंटे काफी मुश्किलों भरे रहने वाले हैं। भीषण ठंड का प्रकोप इस दौर में जारी रहेगा। इस दौरान घना कोहरा भी छाया रहेगा। दिल्ली के लोधी रोड पर आज सुबह 2 डिग्री का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। कुल मिलाकर हमारी और आपकी जिंदगी के पहिए ठंड की वजह से रुकने के पूरे आसार दिख रहे हैं। इस बार कड़ाके की ठंड का ये दौर लंबा खिंच गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह दिल्ली, यूपी की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों, पंजाब में बड़ी जगह और हिमाचल प्रदेश में कई जगह जबरदस्त कोहरा छाया रहा। इससे दृश्यता घटकर शून्य हो गई। कोहरा इतना घना कि हाथ को हाथ नहीं सूझ रहा। अमृतसर में सिर्फ 25 मीटर और दिल्ली के सफदरजंग और पालम में भी इतनी ही दृश्यता रही। इससे सड़कों पर आने-जाने वालों की हालत काफी खराब थी। जरूरत की वजह से बाहर निकलने वालों की समझ में नहीं आ रहा कि आखिर किस तरफ जाना है और सड़क पर उनके आगे और पीछे गाड़ियां हैं या नहीं।

मौसम विभाग की ऊपर दी गई सैटेलाइट तस्वीर को देखें, तो इसमें पंजाब से लेकर बिहार तक कोहरे की चादर दिखाई दे रही है। इस कोहरे की वजह से सूरज की रोशनी भी जमीन तक नहीं पहुंच पा रही है। कुछ जगहों पर दोपहर के आसपास सूरज दिख रहा है, लेकिन ठंडी हवा की वजह से उसकी गर्मी का कुछ पता नहीं चल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ से अगर बारिश होती है, तभी कोहरे से निजात मिलने की संभावना फिलहाल बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *