शरद यादव के निधन पर राजनीतिक गलियारों से लेकर सिने जगत में दुख की लहर, इन सितारों ने जताया शोक
नई दिल्ली। राजनीतिक गलियारों में इस वक्त दुख की लहर है। राजनीति में अहम स्थान रखने वाले देश के एक कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का निधन हो गया है। शरद यादव 75 वर्ष के थे। बीते रात गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन की जानकारी उनकी बेटी सुभाषिनी ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के माध्यम से दी।
7 बार लोकसभा सांसद रहे शरद यादव ने बिहार के मधेपुरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 4 बार लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया था। 2 बार वो मध्य प्रदेश के जबलपुर से और एक बार उत्तर प्रदेश के बदायूं से सांसद भी चुने गए थे। वहीं, निधन को लेकर शरद यादव के दामाद कमल राव ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट होने की वजह से उन्हें अस्पताल लाया गया था। वो किडनी की भी समस्या का सामना कर रहे थे और डायलिसिस पर थे। गुरुग्राम के फोर्टिस हॉस्पिटल में उन्होंने आखिरी सांस ली। अब पार्थिव शरीर को उनके मध्य प्रदेश पैतृक गांव गांव ले जाया जाएगा जहां पर अंतिम संस्कार का कार्यक्रम होगा।
सिने जगत में भी दुख की लहर
पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन के बाद से न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में गम का माहौल है बल्कि सिनेमा की मशहूर हस्तियों ने भी शोक जताया है। भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ हिंदुस्तानी उर्फ दिनेश लाल निरहुआ ने एक ट्वीट कर लिखा कि ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी के निधन से मन दुखी है। भगवान उनकी पुण्यात्मा को उत्तम स्थान प्रदान करें। ओम शांति।’
भोजपुरी स्टार रवि किशन ने भी ट्वीट कर दुख जताया है। अपने ट्वीट में रवि किशन ने लिखा, ‘मैं शरद यादव जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वंचितों–शोषितों के दर्द को दूर करने के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले शरद यादव जी का निधन समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। शरद यादव के परिजनों को मेरी संवेदनाएं।’
