June 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजस्थान के बाद अब महाराष्ट्र कांग्रेस में संकट, बालासाहेब थोराट ने प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के खिलाफ खोला मोर्चा, छोड़ा पद

मुंबई। राजस्थान के बाद अब महाराष्ट्र कांग्रेस में भी संकट गहरा गया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक दल के नेता पद से बालासाहेब थोराट ने इस्तीफा दे दिया है। थोराट ने सोमवार को ही महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के खिलाफ मोर्चा खोला था। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को भेजी चिट्ठी में साफ कहा था कि नाना पटोले के साथ काम नहीं कर सकते। इसके एक दिन बाद ही थोराट ने विधायक दल के प्रमुख पद को छोड़ा है। इससे नाना पटोले के लिए संकट पैदा हो सकता है। बालासाहेब थोराट महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। सूत्रों के मुताबिक कई और कांग्रेस विधायक भी नाना पटोले के खिलाफ आवाज उठाने के लिए तैयार बैठे हैं।

बालासाहेब थोराट के महाराष्ट्र में विधायक दल के नेता के पद से इस्तीफा देने से सन्न दिखाई दे रहे नाना पटोले ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वो बालासाहेब थोराट से बातचीत करेंगे। नाना पटोले ने ये भी कहा कि वो हमारे नेता हैं। पटोले ने कहा कि 15 तारीख को पार्टी कार्यकारिणी की बैठक है। उसमें भी इस बारे में चर्चा की जाएगी। हालांकि, फिलहाल नजर ये आ रहा है कि बालासाहेब थोराट फिलहाल इस्तीफा वापस लेने के लिए तैयार नहीं होंगे। इससे कांग्रेस के साथ ही महाविकास अघाड़ी गठबंधन को भी तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 44 है। अगर थोराट के साथ 30 विधायक आ गए, तो वे अलग गुट बना सकते हैं। ऐसे में अगर वे सत्तारूढ़ एकनाथ शिंदे को समर्थन देने का एलान करते हैं, तो इससे उद्धव-शरद पवार और कांग्रेस के अघाड़ी को बड़ा झटका लग सकता है। इसके अलावा कांग्रेस आलाकमान को राजस्थान के बाद महाराष्ट्र में भी पार्टी के भीतर मचे संघर्ष को रोकने में नाको चने चबाने पड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *