April 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘आप कैसे बना लेंगे हिंदू राष्ट्र’, गीतकार जावेद अख्तर का बयान

नई दिल्ली। मशहूर गीतकार और हाल ही में पाकिस्तान जाकर वहां आतंकवाद के मुद्दे पर उसे खरी-खरी सुनाने वाले जावेद अख्तर ने अब हिंदू राष्ट्र के बारे में बयान दिया है। जावेद अख्तर ने कहा है कि कोई हिंदू राष्ट्र नहीं बना सकता। न्यूज चैनल एबीपी के प्रोग्राम में जावेद अख्तर ने इसके लिए पाकिस्तान का हवाला दिया। जावेद अख्तर ने कहा कि पाकिस्तान में पहले मुसलमान थे। अब वहां अहमदिया और शिया को मुसलमान नहीं मानते। जब वे ही बीते 70 साल में धर्म आधारित देश नहीं बना सके, तो आप हिंदू राष्ट्र कैसे बना लेंगे? उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तान बनाना मानव की 10 बड़ी गलतियों में से एक है। जावेद अख्तर ने इसके अलावा पाकिस्तान जाकर वहां उसे खरी-खरी सुनाने पर भी विचार रखे।

जावेद अख्तर ने कहा कि पाकिस्तान जाकर जब उन्होंने आतंकवाद के मसले को उठाया, तो लगा कि तीसरा विश्व युद्ध जीत लिया है। जावेद अख्तर ने कहा कि लोगों ने वहां मुझसे सवाल पूछा, तो मैंने बताया कि आपके (पाकिस्तान) यहां के भारत आए सेलिब्रिटीज को भारत में काफी सम्मान मिला था। जावेद अख्तर ने राष्ट्रवाद पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि मैं इस देश का हूं। यहां के राष्ट्रगान का सम्मान करता हूं। अगर कोई राष्ट्रगान के वक्त खड़ा नहीं होता, तो ये उसकी समस्या है।

जावेद अख्तर बीते दिनों एक कार्यक्रम में शिरकत करने पाकिस्तान के लाहौर गए थे। वहां उन्होंने पाकिस्तान के बारे में कहा था कि मुंबई में साल 2008 में हुए आतंकी हमले के लोग आज भी आपके यहां खुले घूम रहे हैं। जावेद अख्तर ने कहा था कि मुंबई पर हमला करने वाले नॉर्वे या किसी और देश से नहीं आए थे। इस पर जावेद अख्तर की भारत में खूब सराहना हुई थी। जबकि, पाकिस्तान में एक तबके ने अख्तर के बयान पर जमकर गुस्सा निकाला था। अब हिंदू राष्ट्र पर बयान देकर जावेद अख्तर एक बार फिर देश में कुछ लोगों के निशाने पर आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *