July 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

US: गहरे कर्ज संकट में फंसा अमेरिका, क्वॉड की बैठक रद्द, पीएम मोदी भी शामिल होने वाले थे

वॉशिंगटन। अमेरिका गहरे कर्ज संकट में फंस गया है। हालत ये है कि अमेरिका डिफॉल्टर हो सकता है। ऐसे हालात में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने तय किया है कि वो सिर्फ जी-7 देशों की बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया का दौरा उन्होंने रद्द कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया में क्वॉड की बैठक होने वाली थी। बाइडेन का दौरा रद्द होने से क्वॉड की बैठक भी रद्द हो गई है। इस बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी को भी शामिल होना था। अमेरिकी वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने कहा है कि अगर संसद ने कर्ज के मामले में कदम न उठाया, तो जून की शुरुआत में अमेरिका कर्ज दायित्व पूरा नहीं कर सकेगा और डिफॉल्टर हो जाएगा।

अमेरिका के विदेश विभाग ने बताया है कि कर्ज संकट की वजह से राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया का दौरा रद्द कर दिया। वो सिर्फ जापान के हिरोशिमा में जी-7 देशों की बैठक में हिस्सा लेंगे और देश लौट आएंगे। बाइडेन ने ऑस्ट्रेलिया के पीएम अल्बनीस को इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने अल्बनीस से अमेरिका के दौरे पर आने का आग्रह किया है। बताया जा रहा है कि जापान से अमेरिका लौटकर बाइडेन संसद के सदस्यों से कर्ज संकट का हल निकालने के लिए बातचीत करने वाले हैं। कर्ज संकट के कारण अमेरिका में नकदी की कमी होने के आसार हैं। इससे देश को चलाना भी मुश्किल होगा।

अमेरिका में बीते कुछ महीनों में 3 बैंक डिफॉल्टर हो चुके हैं। मंदी की आशंका और यूक्रेन को रूस के खिलाफ जंग में मदद करने से भी अमेरिका की माली हालत खस्ता हो रही है। फेडरल रिजर्व ने महंगाई को थामने के लिए लगातार ब्याज दरों में बढ़ोतरी की थी। पिछले एक साल में फेडरल रिजर्व ने 10 बार ब्याज दरों को बढ़ाया। इसके बाद भी संकट टलता हुआ नजर नहीं आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *