कोरोना के दैनिक मामलों में गिरावट जारी, 24 घंटे में सामने आए 39,796 नए मामले
नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस के दैनिक मामलों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। सोमवार को कोरोना के मामले 40 हजार से कम सामने आए है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, देशभर में कोरोना के 39,796 नए केस सामने आए हैं।
वहीं इस आंकड़ें के बाद अब कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,05,85,229 हो गई है। इसके अलावा एक दिन में इस वायरस से मरने वालों की संख्या 723 दर्ज की गई है। जिसकी वजह से इस महामारी से कुल मरने वालों की संख्या 4,02,728 हो गई है। वहीं कोरोना से ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटों में 42,352 नए लोग इस वायरस से ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। जिसके बाद डिस्चार्ज होने वालों की कुल संख्या 2,97,00,43 हो गई है। अब देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,82,071 है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार, देश में कल कोरोनावायरस के लिए 15,22,504 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 41,97,77,457 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 14,81,583 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 35,28,92,046 हुआ है।
