May 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मणिपुर की राजधानी इंफाल में महिलाओं का प्रदर्शन, आगजनी की कोशिश, निर्वस्त्र-रेप मामले में एक और गिरफ्तार

इंफाल। मणिपुर की राजधानी इंफाल में आज सुबह महिलाओं की पुलिस से झड़प हो गई। ये महिलाएं दो कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र किए जाने और रेप के कथित आरोप पर विरोध प्रदर्शन करने जुटी थीं। महिलाओं ने गारी इलाके में हंगामा बरपा दिया। उन्होंने टायर जलाकर आगजनी की कोशिश की। इस पर जब पुलिस ने उनको रोकने की कोशिश की, तो महिलाओं से उनकी झड़प हो गई। महिलाओं को पुलिस ने बल का प्रयोग कर वहां से खदेड़ दिया। यहां फिलहाल बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों और सेना के जवानों की तैनाती की गई है। कल भी यहां बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। वहीं, मिजोरम में पीस एकॉर्ड एमएनएफ रिटर्नीज एसोसिएशन ने मैतेई लोगों से राज्य छोड़कर जाने को कहा है। उनका कहना है कि कुकी महिलाओं से बदसलूकी से मिजोरम के लोग बहुत नाराज हैं।

उधर, दो कुकी महिलाओं से बदसलूकी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार होने वालों की संख्या 5 हो गई है। 4 आरोपियों को शुक्रवार तक गिरफ्तार किया गया था। जिनको कोर्ट ने 11 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। पुलिस के अनुसार 12 और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। महिलाओं से बदसलूकी का ये मामला 4 मई का है। आरोपी मैतेई समुदाय के हैं। पुलिस वीडियो और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए बाकी आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। इस मामले में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उनको असहनीय दुख और क्रोध है। पीएम ने किसी भी दोषी को न बख्शने का भरोसा देश को दिया था।

इस मामले का खुलासा होने के बाद विपक्ष लगातार मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे की मांग कर रहा है। साथ ही राज्य सरकार को हटाकर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग भी उसने की है। विपक्ष ने संसद में मणिपुर पर चर्चा कराने की मांग की थी, जिसे सरकार ने मान लिया, लेकिन हंगामे की वजह से संसद में कार्यवाही स्थगित होती जा रही है। उधर, बीरेन सिंह ने साफ कहा है कि उनका काम मणिपुर में शांति की बहाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed