Parliament Monsoon Session: सदस्यता बहाल होने के बाद राहुल गांधी पहुंचे संसद
नई दिल्ली। लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद आज राहुल गांधी संसद में नजर आए। 136 दिन के बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल की गई। बता दें कि मोदी सरनेम केस में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद सोमवार को लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की सदस्यता बहाली को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया। इसके बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संसद में नजर आए। वहीं राहुल गांधी के संसद पहुंचने पर विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A के सांसदों ने उनका जोरदार तरीके से स्वागत किया। विपक्षी सांसदों ने संसद भवन के बाहर राहुल गांधी जिंदाबाद और INDIA-INDIA के नारे लगाए।
बीते शुक्रवार को मोदी सरनेम केस में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत देते हुए राहुल गांधी की सजा और दोषसिद्धि पर रोक लगाई थी। इसके बाद आज उनकी सदस्यता बहाल की गई। वहीं संसद पहुंचते ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने परिसर में गांधी प्रतिमा को प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। फिर वो संसद मानसून सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे।
राहुल गांधी ने अपडेट किया अपना ट्विटर बायो
राहुल गांधी ने आज लोकसभा सचिवालय द्वारा सदस्यता बहाल करने के बाद अपना ट्विटर प्रोफाइल भी चेंज कर दिया। उन्होंने अपने बायो में ‘अयोग्य सांसद’ से ‘संसद के सदस्य’ के रूप में अपडेट कर दिया है।
इससे पहले राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल होने के बाद कांग्रेस पार्टी में जश्न का माहौल है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों के नेताओं को खुद अपने हाथों से मिठाई खिलाई। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से वीडियो साझा करते हुए लिखा, ”राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल हो गई। ये सत्य की जीत है, भारत के लोगों की जीत है। खुशी का पल”
