शाइस्ता के बाद बमबाज गूड्डु मुस्लिम पर कार्रवाई, हुआ भगोड़ा घोषित, घर के बाहर पुलिस ने चस्पा किया नोटिस
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से बड़ी खबर सामने आ रही है। मंगलवार को पुलिस ने माफिया अतीक अहमद का गुर्गा बमबाज गुड्डू मुस्लिम पर बड़ी कार्रवाई की है। फरार चल रहा बदमाश गुड्डू मुस्लिम को धूमनगंज थाना पुलिस ने भगोड़ा घोषित कर दिया है। पुलिस ने बमबाज के शिवकुटी स्थित घर के बाहर धारा 82 के तहत नोटिस चस्पा किया है। कई थानों की पुलिस ने बमबाज गुड्डू मुस्लिम के घर के बाहर मुनादी कर इसका ऐलान किया। बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड में गुड्डू मुस्लिम नामजद है। बमबाज गुड्डू मुस्लिम 5 महीने से अधिक वक्त से फरार चल रहा है। पुलिस ने स्पेशल जज एससी एसटी कोर्ट से जारी नोटिस गुड्डू मुस्लिम के घर के बाहर चस्पा कर दिया है। बमबाज गुड्डू मुस्लिम पर पुलिस ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
खबरों के मुताबिक, अब यूपी पुलिस माफिया अतीक की बहन आयशा नूरी, अशरफ अहमद की पत्नी जैनब के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है। गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को माफिया डॉन अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन को प्रयागराज पुलिस ने भगोड़ा घोषित किया था। पुलिस शाइस्ता के घर पर मोहल्ले में ढोल नगाड़ों के साथ मुनादी करने पहुंची थी। इसके साथ ही पुलिस ने शाइस्ता पर इनाम और बढ़ाने की बात कही थी। यूपी एटीएस को शाइस्ता और गुड्डू मुस्लिम की तलाश है। इसके बाद अब पुलिस ने दोनों पर एक्शन लेते हुए भगोड़ा घोषित कर दिया।
बता दें कि 24 फरवरी को उमेशपाल की दिनदहाड़े माफिया अतीक के शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड को दौरान गुड्डू मुस्लिम बमबाजी करते हुए नजर आए था। उमेशपाल मर्डर केस के बाद से गुड्डू मुस्लिम फरार चल रहा है। पुलिस अभी तक बमबाज को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
