August 12, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बढ़ सकती हैं लालू यादव की मुश्किलें, सीबीआई की अर्जी सुप्रीम कोर्ट ने मानी तो फिर जाना पड़ेगा जेल!

नई दिल्ली। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले में सजा हुई थी। वो रांची जेल भेजे गए थे। जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद लालू यादव ज्यादातर वक्त रांची के रिम्स में ही इलाज कराते रहे। फिर झारखंड हाईकोर्ट ने उनकी हालत देखते हुए जमानत दे दी। जमानत लेकर लालू यादव सिंगापुर में अपनी एक बेटी के पास गए और वहां उसने लालू को किडनी डोनेट की। लालू यादव अब ठीक हैं और लोकसभा चुनाव 2024 के लिए विपक्षी गठबंधन का अहम चेहरा बन गए हैं। इन सबके बीच अब लालू यादव की मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं। सीबीआई ने लालू यादव की जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट अब लालू की जमानत के खिलाफ सीबीआई की अर्जी पर जल्दी सुनवाई के लिए तैयार हो गया है।

झारखंड हाईकोर्ट से लालू यादव को जमानत मिलने के बाद ही सीबीआई ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। अब सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई की लालू के खिलाफ अर्जी लिस्ट कर दी गई है। सीबीआई ने लालू यादव की जमानत रद्द करने की अपील कोर्ट से की है। इस साल अप्रैल में लालू यादव को जमानत मिली थी और वो जेल से बाहर आए। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद से वो तमाम चुनावी मंचों पर नजर आ रहे हैं। अगर सीबीआई अब सुप्रीम कोर्ट में ये साबित कर दे कि लालू यादव को बीमारी के कारण जमानत मिली और अब वो ठीक-ठाक हैं, तो आरजेडी सुप्रीमो के फिर जेल जाने की नौबत आ सकती है। चारा घोटाला करोड़ों का मामला है। इसके सभी केस में लालू यादव आरोपियों में शामिल हैं।

लालू यादव को 900 करोड़ से ज्यादा के चारा घोटाले के 4 मामलों में जमानत मिली हुई है। चारा घोटाले का 5वां मामला रांची के डोरंडा कोषागार से जुड़ा है। इस केस में कोषागार से 139 करोड़ रुपए की अवैध निकासी हुई थी। रांची स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने लालू यादव को इस मामले में भी दोषी करार दिया था और 3 साल कैद की सजा सुनाई थी। डोरंडा कोषागार का मामला चारा घोटाले में सबसे बड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *