May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू टूट जाएगी!, सुशील मोदी के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने भी अब किया ये दावा

पटना। बिहार के सीएम नीतीश कुमार के साथी रहे उपेंद्र कुशवाहा अब उनके खिलाफ मैदान में हैं। उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू को अलविदा कहने के साथ ही नीतीश कुमार पर निशाना साधना शुरू किया था। अब उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि जेडीयू में टूट होना तय है। इससे पहले बीजेपी के सांसद और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने भी यही बात कही थी। उपेंद्र कुशवाहा का कहना है कि सुशील मोदी की बात सही है। दरअसल, जेडीयू में पिछले दिनों मंत्री अशोक चौधरी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के बीच भी तू-तू, मैं-मैं की खबर आई थी।

उधर, अटकलें ये भी चल रही हैं कि नीतीश कुमार विपक्षी गठबंधन से अलग हो सकते हैं। इन अटकलों पर नीतीश कुमार ने सवाल पूछे जाने पर कुछ कहने से इनकार कर दिया था। साथ ही कहा था कि विपक्ष का गठबंधन ऐतिहासिक प्रदर्शन करेगा। मंगलवार को ही नीतीश ने दीनदयाल उपाध्याय की जयंती का कार्यक्रम भी कराया। जबकि, वो जनसंघ के संस्थापकों में से एक थे। वहीं, इसी कार्यक्रम के बाद बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने नीतीश पर निशाना साधा था और कहा था कि अब उनको कंधे पर नहीं ढोएंगे। सम्राट चौधरी ने तो ये तक कह दिया था कि अगर बीजेपी अपने किसी मंडल अध्यक्ष को सीएम बना दे, तो वो भी नीतीश कुमार से बेहतर काम करेगा।

नीतीश कुमार के बारे में पहले ये चर्चा भी थी कि उनको विपक्षी गठबंधन का संयोजक बनाया जा सकता है। फिर इस पर गठबंधन ने कोई फैसला नहीं किया। जबकि, विपक्षी गठबंधन बनाने की शुरुआत नीतीश कुमार ने ही की थी। ऐसे में नीतीश कुमार आजकल हर चर्चा पर ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। उधर, जेडीयू के तमाम नेता लगातार कह रहे हैं कि पीएम प्रत्याशी के तौर पर नीतीश कुमार फिट हैं। जबकि, नीतीश कई बार कह चुके हैं कि वो पीएम नहीं बनना चाहते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *