संसद की सुरक्षा में सेंध मामले में पहला एक्शन, लोकसभा सचिवालय ने 8 सुरक्षाकर्मियों को किया सस्पेंड
नई दिल्ली। संसद की सुरक्षा में सेंध मामले को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है। दरअसल लोकसभा सचिवालय ने सुरक्षा चूक मामले में कड़ा एक्शन लिया है। इस मामले में 8 सुरक्षाकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। खबरों के अनुसार, लोकसभा सचिवालय ने सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर इन सुरक्षाकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की है। इसके अलावा संसद में घुसपैठ के बाद अब सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। जानकारी है कि अब दर्शक दीर्घा में कांच भी लगेगा। वहीं सुरक्षा चूक को लेकर संसद के दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा जारी है। बता दें कि बुधवार को संसद में हुए आतंकी हमले की 22वीं बरसी पर लोकसभा में सुरक्षा में बड़ी चूक देखने को मिली। दर्शक दीर्घा में बैठे 2 आरोपी चर्चा के दौरान सांसदों के कूद कर पहुंचा गया था। इस दौरान शख्स ने स्मोक कैंडल जलाकर संसद में धुआं-धुआं फैला दिया। इसके बाद सदन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं कुछ सांसदों ने एक आरोपी को पकड़ लिया और फिर आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद दोनों आरोपियों को सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया। जिसका वीडियो भी सामने आया था। संसद के अंदर बवाल मचाने वाले आरोपी का नाम सागर शर्मा और मनोरजंन है। सागर भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा के विजिटर पास के जरिए संसद में घुसा था। सागर लखनऊ के आलमबाग में रहता है। उसके पिता कारपेंटर है और वो खुद गलियों में ई-रिक्शा चलाता था। आरोपी सागर की मां ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वो घर से धरना प्रदर्शन में शामिल होने की बात कहकर गया था।
इसके अलावा संसद के बाहर हंगामा करने वाली नीलाम और अमोल शिंदे को सुरक्षाकर्मियों ने गिरफ्तार किया। दोनों ने लोकसभा के बाहर ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार नहीं सहेंगे’ जैसे नारे भी लगाए। बताया जा रहा है कि संसद में घुसपैठ करने वाले ये चारों एक-दूसरे को जानते थे। सोशल मीडिया के माध्यम से इनकी बात हुई और ‘भगत सिंग फैन क्लब’ से जुड़े हुए थे।
बता दें कि संसद में घुसपैठ करने के मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि वीडियो बनाने वाला एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। दिल्ली पुलिस ने मामले में यूएपीए के तहत केस भी दर्ज कर लिया है।
