अब जानें किसे मिलेगा फायदा?, दूध बेचने पर भी मिल रही सब्सिडी… राज्य सरकार के फैसले से खुश हुए पशुपालक
Milk Subsidy: दूध उत्पादकों के लिए नए साल में अच्छी खबर आ गई है. केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से देश के किसानों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं. अब महाराष्ट्र सरकार ने दूध उत्पादकों और किसानों को बड़ा तोहफा दे दिया है. अब से राज्य के किसानों और दूध उत्पादकों को 5 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी देने का ऐलान किया है. राज्य सरकार ने कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया था. बता दें इस स्कीम का फायदा सिर्फ महाराष्ट्र राज्य के किसानों और दूध उत्पादकों को ही मिलेगा. सीएमओ ने बताया कि राज्य में सहकारी दूध परियोजनाओं के जरिए गाय के दूध पर उत्पादकों और किसानों को 5 रुपये प्रति लीटर सब्सिडी देने का फैसला लिया है.
सिर्फ इन पशुपालकों को मिलेगा फायदा
इस सब्सिडी वाली सुविधा का फायदा सिर्फ उन पशुपालकों को मिलेगा जोकि सहकारी समितियों को दूध की आपूर्ति करते हैं. वहीं, प्राइवेट क्षेत्र को दूध बेचने वाले पशुपालकों को इसका फायदा नहीं मिल पाएगा. राज्य सरकार के इस फैसले के बाद में प्राइवेट क्षेत्र में दूध बेचने वाले भी सब्सिडी की मांग कर रहे हैं.
कब से कब तक मिलेगा योजना का फायदा
इस योजना का फायदा 11 जनवरी 2024 से लेकर के 10 फरवरी 2024 तक मिलेगा. इसके बाद सरकार योजना की समीक्षा करेगी और समय सीमा बढ़ाने पर विचार करेगी.
महाराष्ट्र के सीएमओ ने किया ट्वीट
महाराष्ट्र के सीएमओ ने ट्वीट में लिखा है कि सहकारी दुग्ध संघों और निजी दुग्ध परियोजनाओं के माध्यम से दुग्ध उत्पादक किसानों को 3.5 फैट/8.5 एसएनएफ गुणवत्ता के लिए न्यूनतम 27 रुपये प्रति लीटर की दर से कैशलेस मोड (ऑनलाइन) के माध्यम से संबंधित के व्यक्तिगत बैंक खाते में भुगतान करना अनिवार्य होगा. इसके बाद दूध उत्पादक किसानों को सरकार के माध्यम से प्रति लीटर 5 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में डाले जाएंगे.
फैट और एसएनएफ 3.5/8.5 प्रति प्वाइंट से कम होने पर फैट और एसएनएफ प्रत्येक के लिए 30 पैसे की कटौती की जाएगी. साथ ही प्रत्येक अंक बढ़ोतरी पर 30 पैसे की बढ़ोतरी की जाएगी. इस योजना के कार्यान्वयन के लिए बैंक के माध्यम से एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है और दुग्ध उत्पादक किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से सब्सिडी देने की मंजूरी दी जा रही है.
NEWS SOURCE : zeenews
