पूरी नहीं हुई कामना तो 12 दिन के बेटे को मार डाला, मुझे तो बेटी ही चाहिए थी
बेटे की चाहत में बेटियों की हत्या की खबरें आप अक्सर देखते-सुनते होंगे। लेकिन मध्य प्रेदश के बैतूल में एक शख्स ने बेटी की चाह में बेटे की हत्या कर डाली। पहले उसने पत्नी को बुरी तरह पीटा और फिर 12 दिन के बेटे का गला दबा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बैतूल के कोतवाली पुलिस थाने के बजरवाड़ा गांव की है। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि अनिल उइके दो बेटों का पिता है। बड़ा बेटा सात साल का है और छोटा बेटा पांच साल का। उसकी पत्नी रुचिका तीसरी बार गर्भवती हुई तो उसे उम्मीद थी कि इस बार बेटी होगी।
पिछले दिनों उसकी पत्नी ने तीसरे बेटे को जन्म दिया। इसके बाद से ही अनिल गुस्से में था। रविवार शाम को वह नशा करके घर लौटा और पत्नी से झगड़ा करने लगा। आरोपी ने पत्नी को दोषी मानते हुए पहले उसकी जमकर पिटाई कर डाली। और अधिक मारपीट से बचने के लिए रुचिका घर से निकल गई। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी तो देखा कि झोपड़ी में नवजात बेटा मरा पड़ा था। उसके गले पर दबाए जाने के निशान थे।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष सिंह पवार ने बताया कि उइके के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। हत्या के बाद मौके से फरार हो चुके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा कि उसके दो बेटे पहले से थे, इसलिए वह घर में एक बेटी चाहता था।लेकिन तीसरी बार भी बेटा हो गया तो वह इसे बर्दाश्त नहीं कर सका।
NEWS SOURCE : livehindustan
