April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

किसानों का दूत बनकर अमित शाह से मिले कैप्टन अमरिंदर सिंह, आज मोदी से भी करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली। पार्टी आलाकमान से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को हद में रहने के निर्देश दिलाने के बाद पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार को किसानों के दूत के रूप में आ गए। दूत के तौर पर वह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। वहां कैप्टन ने इस मसले पर दकल देने की गुहार लगाई। इसी मुद्दे पर आज कैप्टन का इरादा पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने का है।

अमित शाह से मुलाकात के बाद कैप्टन के मीडिया सलाहकार की ओर से बयान जारी किया गया। इस बयान में कहा गया है कि सीएम ने शाह से किसानों के विरोध को हल करने के लिए दखल देने और विरोधी ताकतों को उनके गुस्से का फायदा उठाने से रोकने के लिए तीनों कृषि कानून रद्द करने की अपील की। अमरिंदर ने शाह से कहा कि लंबे समय तक किसानों का आंदोलन चला, तो इससे सामाजिक, आर्थिक और सुरक्षा पर असर पड़ेगा।

कैप्टन के मीडिया सलाहकार ने जानकारी दी है कि केंद्रीय और राज्य की एजेंसियों के मुताबिक ट्रेनों, बसों, मंदिरों, आरएसएस के दफ्तर और नेता, बीजेपी, शिवसेना और 5 किसान नेताओं पर हमले के बारे में इनपुट भी मिले हैं, लेकिन इन किसान नेताओं ने सुरक्षा लेने से साफ इनकार कर दिया है।

अमरिंदर ने शाह से कहा कि पंजाब पाकिस्तान से लगा हुआ सीमावर्ती राज्य है। यहां आतंकी ताकतें फिर सिर उठा रही हैं। इनसे बचाव के लिए गृहमंत्री से कैप्टन ने केंद्रीय बलों की 25 कंपनियां और बीएसएफ के लिए ड्रोन रोकने वाले उपकरण भी मांगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *