June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बजट 2024 में मोदी सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा एलान किया, राज्यों को केंद्र से मिलेंगे इतने करोड़ रुपए

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतरिम बजट पेश किया। अब लोकसभा चुनाव के बाद नई सरकार पूर्ण बजट लेकर आएगी। अपने अंतरिम बजट में निर्मला सीतारमण ने कई योजनाओं का एलान किया। इसमें पर्यटन को बढ़ाकर रोजगार के अवसर पैदा करने का एलान भी अहम है। वित्त मंत्री ने लक्षद्वीप समूह समेत देश के सभी राज्यों में पर्यटन के विकास के लिए सरकारी मदद का एलान किया है। राज्यों को पर्यटन के विकास के लिए ब्याज मुक्त 75000 करोड़ का कर्ज देने का एलान भी इसमें शामिल है। इसके अलावा पर्यटन में विदेशी निवेश करने वालों को भी सरकार प्रोत्साहित करेगी। अगर विदेशी निवेश भी हुआ, तो भारत में पर्यटन स्थलों का भी काफी विकास होगा और इससे वहां घूमने जाने वाले सैलानियों की संख्या भी बढ़ेगी।

मोदी सरकार ने साल 2014 में सत्ता संभालने के बाद से पर्यटन के लिए काफी काम किया है। खुद पीएम नरेंद्र मोदी देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर वहां पर्यटन वाले स्थलों का दौरा कर चुके हैं। मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर पर्यटन स्थलों की तस्वीरें भी देशवासियों के सामने रखीं। इससे देशी-विदेशी पर्यटक भारत के प्रति आकर्षित हुए। 2023 में जनवरी से अक्टूबर तक 72 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए थे। इस साल इसमें और बढ़ोतरी होने का अनुमान है। एक विदेशी पर्यटक से भारत को करीब 2 लाख रुपए की कमाई होती है। ऐसे में पर्यटन को बढ़ावा देकर सरकार अपने खजाने को भी बढ़ोतरी देना चाहती है। इसके तहत राज्यों में पर्यटन केंद्रों के विकास के लिए मोदी सरकार की बिना ब्याज कर्ज देने की योजना काफी अहम मानी जा रही है।

निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में लक्षद्वीप और अन्य द्वीप समूहों की बात कही। पिछले दिनों पीएम नरेंद्र मोदी लक्षद्वीप गए थे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर लक्षद्वीप की खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो शेयर किए थे। तबसे लक्षद्वीप जाने के लिए लोग इंटरनेट पर काफी सर्च कर रहे हैं। इससे मालदीव जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। पहले जहां मालदीव में पर्यटकों की संख्या में भारत पहले नंबर पर रहता था। अब वो खिसककर 5वें स्थान पर आ गया है