जैकलीन फर्नांडीज ने महाठग सुकेश के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, डराने धमकाने का लगाया आरोप
नई दिल्ली। श्रीलंकाई मूल की बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फ़र्नांडीज़ फ़िल्मों से ज़्यादा अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर सुर्ख़ियों में रहती हैं। एक्ट्रेस की सिचुएशन पर वो पुराना हिंदी गाना एकदम फिट बैठता है कि “ये प्यार हमें किस मोड़ पर ले आया” अब देखिए न जैकलीन का नाम भी जब से महाठग सुकेश चंद्रशेखर के साथ प्रेम प्रसंग में जुड़ा तब से एक्ट्रेस लगातार क़ानूनी पचड़े में फंसती चली गईं। कुछ दिनों पहले ही ED ने कोर्ट को बताया था कि जैकलीन जानबूझकर सुकेश के क्राइम के पैसों का उपयोग अपने ऐशो-आराम के लिए करती थीं। अभी ये आरोप शांत हुए नहीं थे कि जैकलीन एक बार फिर हेडलाइन्स में आ गईं। तो चलिए बताते हैं पूरा माजरा।
इस बार जैकलीन के हेडलाइन में आने का कारण एक्ट्रेस ख़ुद हैं। दरअसल, जैकलीन फ़र्नांडीज़ ने महाठग सुकेश चंद्रशेखर के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाई है, जिसमें उन्होंने सुकेश पर मानसिक प्रताड़ना देने और एक्ट्रेस को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। जैकलीन फर्नांडीज ने ठग सुकेश चन्द्रशेखर के खिलाफ दिल्ली पुलिस आयुक्त के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
एक्ट्रेस का दावा है कि जेल में रहने के बावजूद चन्द्रशेखर उन्हें लगातार परेशान कर रहा है और धमकी दे रहा है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, जैकलीन ने हाल ही में पुलिस प्रमुख संजय अरोड़ा को संबोधित एक पत्र लिखा, जिसमें गवाह सुरक्षा में प्रणालीगत विफलता के बारे में अपनी चिंता व्यक्त की गई थी।
पिछले दिसंबर में, जैकलीन (Jacqueline Fernandez) ने दिल्ली की एक अदालत का दरवाजा खटखटाया और सुकेश चंद्रशेखर को पत्र, संदेश या बयानों के माध्यम से एक्ट्रेस के साथ संवाद करने से तत्काल रोकने की मांग की। 17 दिसंबर को अपनी याचिका में जैकलीन (Jacqueline Fernandez) ने आरोप लगाया कि सुकेश की धमकियों और डराने-धमकाने की रणनीति ने उन्हें काफी परेशान किया है, और उन्हें डर है कि सुकेश एक्ट्रेस से अदालत से जानकारी छिपाने के लिए मजबूर करना चाहता है।
