May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शराब घोटाले में ईडी के समन पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को कोर्ट ने दी थोड़ी राहत

नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज राउज एवेन्यू कोर्ट के सामने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट को बताया कि विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पर बहस है। इसके अलावा दिल्ली सरकार को बजट भी पेश करना है। इसकी वजह से वो कोर्ट के सामने खुद पेश नहीं हो पा रहे हैं।

कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल की दलील सुनने के बाद 16 मार्च को उनको कोर्ट के सामने पेश होने के लिए कहा है। इससे अरविंद केजरीवाल को थोड़ी राहत जरूर मिल गई है। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने कोर्ट का रुख किया था। केजरीवाल लगातार ईडी के समन को न मानते हुए जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हो रहे हैं। जांच एजेंसी को अरविंद केजरीवाल से दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में पूछताछ करनी है।

शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल की सरकार में डिप्टी सीएम रहे मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को ईडी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल का लगातार कहना है कि दिल्ली सरकार में कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है। मनीष सिसोदिया और कुछ अन्य गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के बाद लगातार ईडी ने अरविंद केजरीवाल को समन पर समन भेजे, लेकिन केजरीवाल ने इन सभी को राजनीति से प्रेरित बताते हुए ईडी के सामने पेश होने से इनकार कर दिया है। ईडी ने बीते दिनों ही फिर केजरीवाल को पेशी के लिए नया समन भी दिया है। इसके अलावा जांच एजेंसी ने समन न मानने पर केजरीवाल के खिलाफ कोर्ट का रुख किया था। आज कोर्ट ने अगली तारीख दे दी है और इससे फिलहाल केजरीवाल को कुछ राहत मिल गई है।

दिल्ली में कथित शराब घोटाला मामले में जांच का काम लेफ्टिनेंट गवर्नर ने सीबीआई को सौंपा था। ईडी ने बाद में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर इसकी जांच शुरू की। ईडी ने तमाम आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक आरोपी सरकारी गवाह बन गया है। इसके बाद ही अरविंद केजरीवाल के लिए मुश्किल पैदा हुई है। अब सबकी नजर इस पर है कि 16 मार्च को अरविंद केजरीवाल कोर्ट के सामने पेश होते हैं, या फिर कोई नई दलील वो रखते हैं।