July 9, 2026

Hind foucs news

hindi new update

महादेव बेटिंग एप चलाकर अवैध तौर पर करोड़ों कमाने वाला सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में महादेव बेटिंग एप चलाने के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार किए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि इंडोनेशिया के फर्जी पासपोर्ट पर सौरभ चंद्राकर ओमान पहुंचा था। इस पर उसे गिरफ्तार किया गया। सौरभ चंद्राकर इससे पहले यूएई में रह रहा था। सीबीआई की ओर से इंटरपोल के जरिए सौरभ चंद्राकर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाने की तैयारी है।

सौरभ चंद्राकर को ओमान की राजधानी मस्कट के अल-खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। सौरभ चंद्राकर ने रवि उप्पल के साथ महादेव बेटिंग एप बनाया था। जिसके बाद दोनों दुबई गए और नेटवर्क बनाया। महादेव बेटिंग एप की ईडी और ईओडब्ल्यू की जांच में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल भी आरोपी बनाए गए हैं। सौरभ चंद्राकर के बेटिंग एप की जांच में पता चला कि देशभर में पैनलों के जरिए हर दिन करोड़ों की रकम का अवैध कारोबार होता था। ईडी का दावा है कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने बेटिंग नेटवर्क चलाने के लिए दुबई में 20 विला किराए पर लिए थे और 3500 से ज्यादा कर्मचारी भी रखे थे।

सौरभ चंद्राकर की पहले छत्तीसगढ़ के भिलाई में जूस की दुकान थी। रवि उप्पल टायर का बिजनेस करता था। बेटिंग में नुकसान और कर्ज के कारण सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल 2019 में दुबई चले गए। जहां से ऑनलाइन बेटिंग का काम करने लगे। सौरभ की शादी 2023 में दुबई में हुई थी। इसमें 200 करोड़ की रकम खर्च होने का अनुमान जांच एजेंसियों ने लगाया है। महादेव बेटिंग एप मामले में ईडी अब तक 1300 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है। सौरभ चंद्राकर को भारत लाए जाने के बाद इस मामले में और कड़ियां खुलने की संभावना बनेगी। ये बेटिंग का अब तक का सबसे बड़ा मामला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *