पेटीएम वाले फास्टटेग बेकार हो जाएंगे, 32 अधिकृत बैंकों से ‘फास्टैग’ सेवाएं लेने की सलाह
हिंद फॉक्स न्यूज/दिल्ली :- एनएचएआई की टोल संग्रहण इकाई भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी लि. (आईएचएमसीएल) ने फास्टैग यूजर्स के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें 32 अधिकृत बैंकों से ‘फास्टैग’ सेवाएं लेने की सलाह दी है। पेटीएम पेमेंट्स बैंक का नाम इस सूची में नहीं है। जानकारों का कहना है, जिनके पास पेटीएम फास्टैग है। उन्हें उसे सरेंडर कर ऐसे अधिकृत बैंक से नया फास्टैग खरीदना होगा। आईएचएमसीएल ने सोशल मीडिया पर 32 अधिकृत बैंकों की सूची साझा कर कहा, वह आरबीआई के निर्देशों के तहत यूजर्स को नवीनतम ‘फास्टैग’ केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। आईएचएमसीएल ने 19 जनवरी को लिखे पत्र में पेटीएम पेमेंट्स बैंक को नया फास्टैग जारी करने से रोक दिया था।पेटीएम बैंक पर आरबीआई ने पाबंदी लगा दी है। आरबीआई के आदेश पर पेटीएम बैंक 29 फरवरी से बंद हो जाएगा। इसी कारण 29 फरवरी से पेटीएम बैंक वाला फास्टैग भी बेकार हो जाएगा।
