June 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली से अयोध्या तक बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारी तेज

अयोध्या। देश की राजधानी से रामनगरी अयोध्या को हाई स्पीड ट्रेन से जोड़ने का प्रोजेक्ट जल्दी ही शुरू होने की उम्मीद है। दोनों शहरों के बीच से होती हुई बुलेट ट्रेन भोलेबाबा की नगरी काशी तक जाएगी। इस पूरे प्रोजेक्ट पर 200 लाख करोड़ का खर्च होगा। 320 किलोमीटर की रफ्तार से जब बुलेट ट्रेन इस रूट पर चलेगी, तो दिल्ली से अयोध्या महज साढ़े 4 घंटे में पहुंचा जा सकेगा। यानी अयोध्या में रामलला का दर्शन करने के बाद श्रद्धालु उसी दिन वापस दिल्ली पहुंच सकेंगे। देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए बुलेट ट्रेन से अयोध्या पहुंचना भी आसान होगा। जो श्रद्धालु भगवान राम का दर्शन करने के बाद भगवान शिव के विश्वेश्वर ज्योतिर्लिंग का दर्शन करना चाहेंगे, वे भी अयोध्या से सीधे वाराणसी जा सकेंगे।

बुलेट ट्रेन का अयोध्या में स्टेशन लखनऊ-गोरखपुर हाइवे बाइपास पर बन रहे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट के सामने होगा। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन ने पूरे रूट का लिडार सर्वे करा लिया है। पैसा मिलते ही काम शुरू होगा। इस प्रोजेक्ट के लिए दिल्ली से आगरा, लखनऊ, अयोध्या और प्रयागराज होते हुए वाराणसी तक 941 किलोमीटर की नई रेल लाइनें बिछाई जाएंगी। इसके अलावा लखनऊ और अयोध्या के बीच 130 किलोमीटर की लाइन भी रहेगी। कई जगह स्टेशन भूमिगत होंगे। प्रोजेक्ट पूरा होने में करीब 8 साल का वक्त लगेगा। अयोध्या में रूट की मार्किंग के लिए पत्थर भी लगा दिए गए हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि अयोध्या को दुनिया का सबसे बेहतरीन धर्मनगरी बनाया जाए। यही बात यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी कहते हैं। योगी सरकार भी अयोध्या के लिए नए प्रोजेक्ट बना रही है। इस साल दीपोत्सव पर सरयू में क्रूज भी शुरू हो सकते हैं। नई अयोध्या बनाने का काम कनाडा की कंपनी एईए एसोसिएट्स को मिला है। अयोध्या में रिंग रोड, हेरिटेज जोन, इकोलॉजिकल सेंसेटिव जोन, एयरपोर्ट के पास विकास वगैरा भी होगा। अयोध्या के लिए 2047 तक का मास्टर प्लान भी तैयार हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *