तालिबान ने पत्रकार को जमकर पीटा, पहले ली थी भारतीय फोटो जर्नलिस्ट दानिश की जान
काबुल। अफगानिस्तान पर काबिज तालिबान भले ही कितने दावे कर रहा हो, लेकिन उसका आतंक का राज जारी है। तालिबान ने अब टोलो न्यूज के एक पत्रकार जियार याद की जमकर पिटाई की। जियार खान याद की मौत की खबर आ गई थी, लेकिन अब जियार ने खुद ट्वीट कर बताया है कि काबुल के बाहरी इलाके में तालिबान ने उन्हें जमकर पीटा। उनका कैमरा और अन्य उपकरण छीन लिए। जियार खान के मुताबिक कुछ लोगों ने उनकी मौत की खबर उड़ा दी थी, लेकिन वह सकुशल हैं। जियार ने बताया है कि तालिबान एक लैंड क्रूजर गाड़ी से आए थे और उन्होंने रायफल के दम पर उन्हें पीटा।
बता दें कि इससे पहले तालिबान ने भारतीय फोटो जर्नलिस्ट दानिश सिद्दीकी की भी हत्या कर दी थी। जबकि, काबुल में एक पत्रकार के दो घरवालों को भी मौत के घाट उतार दिया था। अब टोलो न्यूज के पत्रकार की हत्या से तालिबान का वो दावा गलत साबित हो गया है कि वह पहले जैसा नहीं है और किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। तालिबान की ओर से बुधवार को ही एक भारतीय न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू में कहा गया था कि उसने किसी की भी जान लेने का अधिकार नहीं दिया है। बावजूद इसके अब जियार याद की जान पीट-पीटकर ली गई।
इससे पहले काबुल पर कब्जा करने के बाद तालिबान ने तीन पत्रकारों के घर पर धावा बोला था। तालिबान ने इनमें से एक पत्रकार के घरवालों से उसका पता पूछा और न बताने के बाद फायरिंग की थी। इस फायरिंग में पत्रकार के दो परिजन मारे गए थे। पत्रकार पहले ही अफगानिस्तान छोड़कर भाग चुका था।
उधर, भारतीय फोटो जर्नलिस्ट दानिश सिद्दीकी की हत्या की भी याद अभी मिटी नहीं है। अफगानिस्तान पर हमले के दौरान दानिश सिद्दीकी की स्पिन बोल्डक में तालिबान ने जान ले ली थी। एक मस्जिद से दानिश को पकड़कर उन्हें कई गोलियां मारी गई थीं। इसके बाद तालिबान ने भारी वाहन से उनके शव को कुचलने की कोशिश भी की थी। इस घटना से पूरी दुनिया के मीडिया जगत में रोष भी पैदा हुआ था।
