April 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राहुल गांधी पर पीएम मोदी का तंज, ‘मैंने पहले कहा था- शहजादे हार के डर से अपने लिए दूसरी सीट खोज रहे’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। उन्होंने बर्धमान-दुर्गापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि मैंने पहले ही ये भी बता दिया था कि शहजादे वायनाड में हार के डर से अपने लिए दूसरी सीट खोज रहे हैं। अब इन्हें अमेठी से भागकर रायबरेली सीट चुननी पड़ी है। ये लोग घूम-घूम कर सबको कहते हैं – डरो मत। मैं भी इन्हें यही कहूंगा – डरो मत, भागो मत। आज मैं एक और बात कहूंगा कांग्रेस इस बार पहले से भी कम सीटों पर सिमटने जा रही है।

संदेशखाली को लेकर ममता सरकार को घेरा
प्रधानमंत्री ने ममता सरकार को भी आड़े हाथों लिया। पीएम मोदी ने कहा, “बंगाल में TMC की सरकार ने यहां हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनाकर रख दिया है। ये कैसे लोग हैं कि जय श्रीराम के उदघोष से भी इन्हें आपत्ति है… मैं TMC सरकार से पूछना चाहता हूं कि यहां संदेशखाली में हमारी दलित बहनों के साथ इतना बड़ा अपराध हुआ। पूरा देश कार्रवाई की मांग करता रहा, लेकिन TMC गुनहगार को बचाती रही। क्या सिर्फ इसलिए, क्योंकि उस गुनाहगार का नाम शाहजहां शेख था।”

पीएम मोदी ने कहा,  “मोदी का एक ही सपना है, आपके सपनों को पूरा करना…मुझे ज्यादा से ज्यादा आशीर्वाद चाहिए ताकि मैं ज्यादा से ज्यादा आपकी सेवा कर सकूं। आप तो जानते हैं मेरे पास है ही क्या? ना आगे कुछ है ना पीछे कुछ है। मुझे किसी के नाम कुछ करके नहीं जाना है। मेरे लिए तो आप ही मेरे परिवार जन हैं। मेरा भारत मेरा परिवार- अगर मेरा कोई वारिस है तो देश के हर परिवार के बच्चे मेरे वारिस हैं। मैं उनके लिए कुछ छोड़ कर जाना चाहूंगा।”

मैं मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ हूं- पीएम मोदी 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “शायद दुनिया में कोई इंसान कल्पना तक नहीं कर सकता है कि ईश्वर रूपी जनता जनार्दन इतने आशीर्वाद बरसाएं और लगातार बरसाएं…आप भी जानते हैं अगर पद-प्रतिष्ठा की लालसा हो PM पद की लालसा हो तो एक बार इंसान PM की शपथ ले ले फिर उसके जीवन में ऊंचाई को प्राप्त हो ही जाती है, इतिहास में नाम दर्ज हो ही जाता है। लोगों को लगता है कि मोदी जी 2 बार PM रहे दुनिया में इतना नाम हो गया, अरे कभी तो आराम करो। मैं मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ हूं। मैं खुद के लिए जीना नहीं चाहता हूं। मैं 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने के लिए निकला हूं।”

NEWS SOURCE : punjabkesari