बांकीपुर उपचुनाव परिणाम को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस का हवाला देते हुए आरजेडी को चेताया
नई दिल्ली। बीजेपी ने बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनादेश का सम्मान करते हुए अपनी हार को स्वीकार कर लिया है। साथ ही साथ मुख्य विपक्षी दल आरजेडी को भविष्य में सचेत रहने के लिए सावधान भी किया है। इसके लिए बीजेपी ने आरजेडी को कांग्रेस का हवाला दिया है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, बांकीपुर में जो हुआ, वह आरजेडी के लिए चेतावनी है। बीजेपी को हराने के प्रयास में यदि उसके वोट जन सुराज पार्टी की ओर स्थानांतरित हुए हैं, तो इतिहास बताता है कि ऐसी रणनीति अक्सर मुख्य प्रतिद्वंद्वी से अधिक उस दल को ही कमजोर कर देती है, जो अपनी राजनीतिक जमीन छोड़ता है।
इसका उदाहरण देते हुए अमित मालवीय ने कहा कि 2011 में पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने वामपंथ को हराने के लिए तृणमूल कांग्रेस के लिए राजनीतिक जगह छोड़ी थी। इसका नतीजा यह हुआ कि तृणमूल मजबूत होती गई और कांग्रेस हाशिए पर चली गई। इसी तरह दिल्ली में भी कांग्रेस ने वही गलती दोहराई। बीजेपी को रोकने के नाम पर उसने आम आदमी पार्टी के लिए जगह बनाई और अंततः उसका वोट शेयर लगभग 2 फीसदी तक सिमट गया। बीजेपी नेता ने कहा कि एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए। उपचुनाव मूलतः किसी एक विधानसभा क्षेत्र के लिए विधायक चुनने का चुनाव होता है, न कि राज्य की अगली सरकार तय करने का जनादेश। इसलिए किसी उपचुनाव के नतीजे को भविष्य के विधानसभा या लोकसभा चुनाव का संकेत मान लेना जल्दबाजी होगी।
मालवीय ने आगे कहा, फिलहाल इतना तय है कि जन सुराज के संस्थापक ने बिहार विधानसभा में अपनी पार्टी का खाता खोल दिया है, ठीक वैसे ही जैसे कभी इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी के आईपी. गुप्ता ने किया था। यह एक बड़े राजनीतिक विस्तार की शुरुआत है या सिर्फ एक अपवाद, इसका जवाब बिहार की जनता 2030 के विधानसभा चुनाव में देगी। बीजेपी इस परिणाम से उचित निष्कर्ष निकालेगी, नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी और बिहार की जनता से किए गए अपने हर वादे को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
