April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के लिए बढ़ सकती है मुश्किल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल समेत शराब घोटाला के आरोपियों के लिए मुश्किल बढ़ सकती है। ईडी ने शराब घोटाला में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में विनोद चौहान नाम के वकील को गिरफ्तार किया है। विनोद चौहान पर आरोप है कि उसने गोवा विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियान के लिए शराब घोटाला में कथित तौर पर शामिल साउथ ग्रुप की तरफ से दी गई रिश्वत का पैसा ट्रांसफर किया। शराब घोटाला मामले में ईडी के हत्थे चढ़ने वाला वकील विनोद चौहान 18वां आरोपी है।

ईडी के अनुसार तेलंगाना की एमएलसी और वहां के पूर्व सीएम के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता के एक कर्मचारी के बयान पर वकील विनोद चौहान को गिरफ्तार किया गया है। कविता के कर्मचारी ने 8 जुलाई 2023 को बयान में कहा था कि उसने शराब घोटाला में आरोपी अभिषेक बोइनपल्ली के निर्देश पर शराब कारोबारी दिनेश अरोड़ा के दफ्तर में रुपयों से भरे दो बैग विनोद चौहान को दिए थे। फिर उसने टोडापुर में भी दो बैग में रुपए विनोद चौहान को दिए। आरोप है कि विनोद चौहान ने ये सारी रकम गोवा में आम आदमी पार्टी को चुनाव प्रचार के लिए पहुंचाया। ईडी ने पहले ही कोर्ट में कहा है कि शराब घोटाला की मनी ट्रेल का उसने पता लगा लिया है और इस मामले में साउथ ग्रुप से 100 करोड़ घूस की रकम आम आदमी पार्टी को मिली। जिसमें से 45 करोड़ रुपए आम आदमी पार्टी ने गोवा विधानसभा चुनाव में खर्च किए।

दिल्ली के शराब घोटाला मामले में अब तक ईडी ने सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, तेलंगाना की एमएलसी के. कविता के अलावा आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों और शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से कई वादा माफ गवाह बन गए हैं। जबकि, संजय सिंह को बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी थी। अरविंद केजरीवाल को ईडी ने शराब घोटाला का किंगपिन बताया है। वहीं, मनीष सिसोदिया के बारे में जांच एजेंसी का कहना है कि घोटाला करने के लिए नई शराब नीति बनाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है।