जेडीएस नेता एचडी रेवन्ना की न्यायिक हिरासत कोर्ट ने 14 मई तक बढ़ाई
नई दिल्ली। जेडीएस नेता एच.डी. रेवन्ना की न्यायिक हिरासत बढ़ाते हुए कोर्ट ने 14 मई तक कर दी है। एचडी रेवन्ना को महिला के अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया गया है और इस संबंध में उनसे एसआईटी की पूछताछ जारी रहेगी। एच.डी. रेवन्ना को एसआईटी अधिकारियों ने 4 मई को बेंगलुरु के पद्मनाभनगर स्थित आवास से हिरासत में लिया था, इससे पहले कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
एच.डी. रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के बेटे और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के भाई हैं। एच.डी. रेवन्ना के सांसद बेटे प्रज्वल रेवन्ना के कई अश्लील वीडियो सामने आने के बाद सेक्स स्कैंडल मामले में उनकी तलाश की जा रही है। आरोप है कि इस मामले से जुड़ी एक पीड़ित महिला जो पहले रेवन्ना के घर में काम करती थी उसका एच.डी. रेवन्ना ने अपने सहयोगी सतीश बाबन्ना के द्वारा अपहरण करा लिया। इसी मामले में महिला के पुत्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद एच.डी. रेवन्ना को एसआईटी ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था।
इससे एक दिन पहले मंगलवार को रेवन्ना ने मंगलवार को तबीयत खराब होने की बात कही थी जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उनकी रिपोर्ट नार्मल आई। इसके बाद उन्हें वापस एसआईटी के हेडक्वार्टर भेज दिया गया। प्रज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं के साथ जबरन यौन संबंध बनाने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप है। रेवन्ना के अश्लील वीडियोज की एक पूरी पेन ड्राइव सोशल मीडिया पर वायरल है। इसके बाद से प्रज्वल रेवन्ना फरार है उसके खिलाफ कर्नाटक सरकार ने लुक आउट नोटिस जारी कर चुकी है। वहीं रेवन्ना के चाचा और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर चुनाव से पहले यूएसबी ड्राइव बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने एसआईटी जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।
