April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी में 3-4 दिन तक जारी रहेगा हीट वेव का रेड अलर्ट, जानिए दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों खासतौर से उत्तर भारत में आसमान से आग बरस रही है। हर दिन गर्मी का नया रिकॉर्ड त्राहिमाम मचा रहा है। न जाने कितने ही लोग हीट वेव के चलते असमय ही अपनी जान से हाथ धो बैठे हैं। लोग मानसून की आस लगाए बैठे हैं कि बारिश ही एक मात्र रास्ता है जो तपती गर्मी से राहत दिला सकता है। वहीं मौसम विभाग ने बताया है कि अभी यूपी वालों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली। उत्तर प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक हीट वेव का रेड अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कल से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

आईएमडी की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने बताया कि पूरे उत्तर भारत में आज रेड अलर्ट जारी किया गया है लेकिन रेड अलर्ट की चेतावनी को कल से घटाया जाएगा। पूर्व की तरफ एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है जिसकी वजह से पंजाब और हरियाणा राज्यों में अरब सागर से नमी आ रही है। इस कारण धूप में हल्की कमी और हल्की फुल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं। इस वजह से हीट वेव की स्थिति थोड़ी कम होने की संभावना है। कल से दिल्ली के लिए रेड अलर्ट को येलो अलर्ट में बदला जाएगा। बिहार में आज रेड अलर्ट के बाद कल से ऑरेंज अलर्ट और झारखंड में आज ऑरेंज अलर्ट के बाद कल से येलो अलर्ट होगा। वहीं उत्तर प्रदेश में अगले 3-4 दिनों तक रेड अलर्ट जारी रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान में कमी आने की संभावना है।

आपको बता दें कि भीषण गर्मी ने इस बार ऐसा सितम ढाया है कि मैदानी इलाकों में रात और दिन के तापमान में लगभग 10 से 11 डिग्री का ही फर्क रह गया है। मसलन अगर दिन का अधिकतम तापमान 47 डिग्री है तो न्यूनतम तापमान भी 35 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से इस हालात को देखते हुए बीते दिनों वार्म नाइट का एलर्ट भी जारी किया गया है।

More Stories