June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पीएम नरेंद्र मोदी ने किया नालंदा विश्वविद्यालय के नए कैंपस का उद्घाटन, बिहार को मिली खोई हुई विरासत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के राजगीर में स्थित देश के ऐतिहासिक नालंदा विश्वविद्यालय के नए कैंपस का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, बिहार के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत 17 देशों के राजदूत भी शामिल हुए।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने नालंदा यूनिवर्सिटी के प्राचीन खंडहरों का भ्रमण भी किया। आपको बता दें कि नालंदा विश्वविद्यालय 1200 ईस्वी में नष्ट हो गया था। तुर्की शासक बख्तियार खिलजी ने विश्वविद्यालय में आग लगवा दी थी। साल 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम बिहार आए थे और उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय को फिर से स्थापित करने की बात की थी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस के उद्घाटन के साथ ही बिहार को उसकी पुरानी विरासत फिर से लौटा दी।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर नालंदा विश्वविद्यालय की फोटो शेयर करते हुए लिखा था आज हमारे शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत खास दिन है। नालन्दा का हमारे गौरवशाली अतीत से गहरा नाता है। यह विश्वविद्यालय निश्चित रूप से युवाओं की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी मदद करेगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर का उद्घाटन करने के लिए मैं पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं। जब हमें खबर मिली कि आप यहां आएंगे तो हमें बहुत खुशी हुई।

वहीं, इस अवसर पर नालंदा विश्वविद्यालय के नए वीसी अरविंद पनगढ़िया ने कहा कि यह अविश्वसनीय रूप से महत्वपूर्ण है, हम इस दिन का इंतजार कर रहे थे। हम चाहते थे कि प्रधानमंत्री परिसर का उद्घाटन करें। वह ऐसा करने के लिए सहमत हो गए हैं। मैं परिसर में उनका स्वागत करता हूं। यहां नालंदा विश्वविद्यालय की कल्पना की गई है, यह एक अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय रहा है। प्राचीन नालंदा ने हर जगह से छात्रों को आकर्षित किया था। नए नालंदा को उसी भावना के साथ लेकिन आधुनिक स्पर्श के साथ शुरू किया गया है।