April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हमास के खिलाफ जारी युद्ध के बीच इजरायल का अगला टारगेट हिजबुल्ला, बेंजामिन नेतन्याहू के ऐलान से ईरान की बढ़ी टेंशन

नई दिल्ली। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ जारी लड़ाई अब खत्म होने की कगार पर है लेकिन युद्ध तब तक समाप्त नहीं होगा जब तक इस्लामी समूह का गाजा पट्टी पर नियंत्रण खत्म नहीं हो जाता। इसके साथ ही अब नेतन्याहू का टारगेट ईरान समर्थित हिजबुल्ला के खात्मे पर होगा।

इजरायली पीएम के अनुसार अब लेबनान के आतंकवादी समूह हिजबुल्ला का मुकाबला करने के लिए हमने अपने और अधिक सैनिकों को उत्तरी सीमा पर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। नेतन्याहू के इस ऐलान के बाद ईरान की टेंशन बढ़ गई है। इसी के साथ ऐसा माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच आने वाले दिनों में तनाव और बढ़ जाएगा।

इजरायली पीएम ने अपने एक इंटरव्यू में कहा कि गाजा के दक्षिण शहर रफाह में हम अपने अभियान को पूरा करने के करीब हैं इससे गाजा में अब कम सैनिकों की जरूरत होगी और हमें हिजबुल्ला के खिलाफ लड़ने का मौका मिलेगा। आपको बता दें कि हमास के लड़ाकों ने पिछले साल अक्टूबर में सीमा पार कर इजराइल पर जोरदार हमला किया। इस हमले में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं समेत 1000 से ज्यादा लोग मारे गए थे। इसी के बाद से ही ईरान समर्थिक हिजबुल्ला ने भी इजरायल पर हमला करना शुरू कर दिया था।

कुछ समय पहले ही अमेरिकी दूत एमोस होचस्टीन ने युद्ध के इस तनाव कम करने के लिए हाल ही में इजरायल और लेबनान के अधिकारियों से मुलाकात की थी और युद्ध रोकने का आह्वान किया था, इसके बावजूद लड़ाई जारी है। इस दौरान इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि युद्ध के इस संकट का कूटनीतिक समाधान निकल पाएगा लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो इस समस्या को अलग तरीके से हल करने में भी हम पूरी तरह से सक्षम हैं।