April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ड्रामा, इमरजेंसी और वैभव…लोकसभा का सत्र शुरू होने से पहले पीएम मोदी का कांग्रेस और विपक्ष पर जोरदार निशाना

नई दिल्ली। आज से 18वीं लोकसभा का पहला सत्र शुरू हो रहा है। राज्यसभा का सत्र 27 जून से होगा। संसद के दोनों सदनों का सत्र 3 जुलाई तक चलेगा। नई लोकसभा का सत्र शुरू होने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी नए चुने गए सांसदों को बधाई दी है। उन्होंने इस मौके को अभूतपूर्व बताया। मोदी ने संसद सत्र शुरू होने से पहले मीडिया के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने 18वीं लोकसभा के सत्र को संसदीय इतिहास में वैभव वाला बताया। मोदी ने कि आजादी के बाद पहली बार भारत की नई संसद में सांसद शपथ लेने जा रहे हैं।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और कहा कि देश की जनता ड्रामा नहीं, विपक्ष से अच्छे कदम देखना चाहती है।

कल 25 जून है। इसी तारीख को इंदिरा गांधी के दौर में इमरजेंसी लगाई गई थी। मोदी ने तारीख याद दिलाकर कांग्रेस पर निशाना भी साधा और इसे न भूलने वाला दिन बताया। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के 50 साल हो रहे हैं और भारत की नई पीढ़ी नहीं भूलेगी कि संविधान को खत्म कर दिया गया था।

जानकारी के अनुसार आज 280 सांसदों को लोकसभा में शपथ दिलाई जाएगी। कुल 542 सांसदों को शपथ दिलाई जानी है। बाकी सांसदों को कल यानी 25 जून को शपथ दिलाई जाएगी। सांसदों को शपथ दिलाने के लिए प्रोटेम स्पीकर के तौर पर 7 बार लगातार लोकसभा चुनाव जीतने वाले भर्तृहरि महताब को चुना गया है। वो पहले बीजेडी में थे, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गए थे। भर्तृहरि महताब के प्रोटेम स्पीकर रहते ही 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। जानकारी के मुताबिक लोकसभा अध्यक्ष के पद के लिए बीजेपी अपना उम्मीदवार उतारेगी।

लोकसभा का उपाध्यक्ष पद बीजेपी अपने सबसे बड़े सहयोगी दल टीडीपी को दे सकती है। टीडीपी के 16 सांसद चुनकर आए हैं। हालांकि, कांग्रेस समेत विपक्षी दल लगातार ये मांग कर रहे हैं कि लोकसभा में उपाध्यक्ष का पद उनको मिलना चाहिए। बीजेपी या एनडीए के किसी भी घटक दल ने विपक्षी दलों की इस मांग पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। संसद के मौजूदा सत्र में 27 जून को राष्ट्रपति का अभिभाषण होना है। जिस पर लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा होगी। इस चर्चा का जवाब पीएम नरेंद्र मोदी देंगे। जिसके बाद सत्रावसान होगा। जुलाई में ही संसद का मॉनसून सत्र भी होगा। उस दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट पेश करेंगी।