April 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार ईओडब्ल्यू सीबीआई को सौंपेगी पेपर लीक के सारे सबूत; अब तक 18 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच तेजी से चल रही है। अब तक इस मामले में 18 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। सीबीआई को केस सौंपा गया है। बिहार ईओयू ने नीट पेपर लीक मामले में अब तक जो भी सबूत जुटाए हैं, उनको सीबीआई को आज सौंप दिया जाएगा। वहीं, गुजरात में नीट पेपर हल करने का जो मामला सामने आया है, वो भी सीबीआई ही देखेगी।

बिहार पुलिस की ईओयू के मुताबिक नीट परीक्षा का पेपर झारखंड के हजारीबाग में एक निजी स्कूल के प्रमुख ने हासिल किया। पटना में यही पेपर अभ्यर्थियों को रटाया गया था। एनटीए ने ईओयू को जो पेपर और आंसर की दी है, उससे जलाए गए नीट के लीक पेपर का मिलान होने की बात सामने आ रही है।

इस बीच, एनटीए ने नीट परीक्षा में अनुचित साधन इस्तेमाल करने के मामले में अब तक 110 छात्रों पर एक्शन लिया है। इन सभी को परीक्षा में बैठने से रोका गया है। इनमें गोधरा के 30 और बिहार के 63 अभ्यर्थी भी हैं। उधर, नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए में आमूलचूल बदलाव का भी खाका तय होने जा रहा है। एनटीए में सुधार के लिए केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाई है। इस कमेटी की आज अहम बैठक होने जा रही है।

नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी के बाद यूजीसी-नेट की परीक्षा को भी सरकार ने रद्द कर दिया था। यूजीसी-नेट परीक्षा में भी धांधली होने के शक में ये कदम मोदी सरकार ने उठाया। इसकी भी जांच सीबीआई को दी गई है। सीबीआई को ये तो पता चला है कि यूजीसी-नेट की परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, लेकिन पेपर लीक के स्रोत का अभी पता नहीं चल सका है। सीबीआई डार्क नेट भी खंगाल रही है। ताकि यूजीसी-नेट परीक्षा के पेपर लीक के बारे में जानकारी हासिल हो सके।