April 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उत्तर और पश्चिम भारत तक अगले 3-4 दिन में पहुंचेगा मॉनसून, मौसम विभाग ने अन्य राज्यों में बारिश पर की ये भविष्यवाणी

नई दिल्ली। 24 जून हो गई, लेकिन उत्तर और पश्चिम भारत में अभी मॉनसून का नामोनिशान नहीं दिख रहा है। तेज गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। लोग यही चर्चा कर रहे हैं कि कब मॉनसून की बारिश उनको इस भीषण गर्मी और उमस से निजात दिलाएगी? ऐसे में मौसम विभाग ने मॉनसून के बारे में ताजा भविष्यवाणी की है।

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अगले तीन से चार दिन में मॉनसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात और मध्यप्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, यूपी, उत्तराखंड बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में छा जाएगा। इससे इन राज्यों में झमाझम बारिश होगी। मौसम विभाग ने बताया है कि 11 जून को मॉनसून गुजरात के दक्षिणी हिस्से में पहुंच गया था, लेकिन फिर वहीं ठहर गया। माना जा रहा है कि बीते दिनों आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसा हुआ होगा। अब मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं और जल्दी ही दिल्ली और उससे आगे उत्तर-पश्चिम में मॉनसून की बारिश होने लगेगी।

मौसम विभाग ने ये जानकारी भी दी है कि केरल, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा और कर्नाटक में खूब बारिश होगी। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में तेज आंधी-तूफान आने के भी आसार हैं। इन इलाकों में बिजली भी गिरने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है। मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि दिल्ली में मॉनसून 27 जून तक पहुंच जाएगा। दिल्ली में हर साल मॉनसून इसी तारीख के आसपास पहुंचता है। इस बार बीच में अटकने से ये चर्चा होने लगी थी कि क्या इस बार दिल्ली में मॉनसून की बारिश देर से होगी? मौसम विभाग ने ये भी पहले ही बताया है कि ला नीना प्रभाव के कारण इस बार देश में औसत से ज्यादा मॉनसून की बारिश होने जा रही है।