आतिशी का अनशन टूटने पर स्वाति मालीवाल ने कसा तंज, बीजेपी ने भी किया कटाक्ष
नई दिल्ली। दिल्ली की जल मंत्री आतिशी मार्लेना का ब्लड शुगर लेवल कम हो जाने के कारण उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और उनका अनिश्चितकालीन अनशन खत्म हो गया। अब आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल सरकार की मंत्री आतिशी पर तंज कसते हुए कहा है कि सत्याग्रह, हमेशा सच्चे और पवित्र मन से किया जाता है। दूसरी तरफ, बीजेपी ने भी कटाक्ष करते हुए कहा कि एसी वाले इस अनशन का पटाक्षेप होना ही था।
आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, आतिशी जी, गांधी जी ने अनशन की पवित्र विधि को सत्याग्रह का नाम दिया था। सत्याग्रह हमेशा सच्चे और पवित्र मन से किया जाता है। मैंने दो बार अनशन किया, एक बार 10 दिन और एक बार 13 दिन का। मेरे अनशन के बाद देश में बच्चों के बलात्कारियों को फाँसी की सजा हो, ऐसा क़ानून भी बना। संघर्ष की राह बहुत मुश्किल होती है। कई साल ज़मीन पर संघर्ष करके ही अनशन करने की शक्ति हासिल होती है। दूसरों के बारे में पूरा दिन झूठी और गंदी बातें बोलकर नहीं। ख़ैर, आशा है जल्द आप का स्वास्थ्य ठीक होगा और आप दिल्ली के लोगों के लिए काम करेंगी।
दूसरी तरफ, बीजेपी दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सत्याग्रह तब सफल होता है जब उसमें सत्य का आग्रह हो। आतिशी का अनशन एक राजनीतिक नौटंकी थी आम आदमी पार्टी की सरकार के भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए, पानी की चोरी, कालाबाजारी और टैंकर माफियाओं का खेल उजागर होने से रोकने के लिए तथा दिल्ली की जनता का ध्यान भटकाने के लिए ये एयर कंडीशन में अनशन था, उसका पटाक्षेप होना ही था। दिल्ली की जनता केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार की वजह से आज पानी की एक-एक बूंद को तरस रही है।
