April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नेपाल की त्रिशूली नदी में 2 बसें बहीं, 60 यात्रियों की तलाश जारी; भूस्खलन की चपेट में आने से हुआ हादसा

काठमांडू। नेपाल में शुक्रवार की तड़के बड़ा हादसा हुआ है। नेपाल के मध्य इलाके में स्थित मदन-आश्रित हाइवे पर भूस्खलन हुआ। भूस्खलन की चपेट में 2 यात्री बसें आ गईं। बसें त्रिशूली नदी में बह गई हैं। दोनों बसों में कुल मिलाकर 63 यात्री थे। इनमें से 3 बस से कूद गए थे। नेपाल के चितवन जिले के डीएम इंद्रदेव यादव ने हादसे के बारे में बताया कि ये तड़के करीब 3.30 बजे हुआ। खबर लिखे जाने तक बसों और यात्रियों का पता नहीं था। इनकी तलाश के लिए खोज अभियान चलाया जा रहा है।

नेपाल के चितवन जिले के डीएम के अनुसार भूस्खलन की चपेट में आकर त्रिशूली नदी में बहने वाली बसें एंजेल और गणपति डीलक्स हैं। दोनों बसें काठमांडू से रौतहट के गौर जा रही थीं। एक बस में 24 और दूसरी बस में 41 लोग थे। जानकारी के मुताबिक भूस्खलन के कारण त्रिशूली नदी में बहने से पहले गणपति डीलक्स बस से 3 यात्री कूद गए और इस कारण बचे। लगातार बारिश के कारण त्रिशूली नदी में बही बसों को तलाशने के काम में बाधा आने की जानकारी डीएम ने दी। घटनास्थल पर राहत और बचाव की टीमें लगी हैं। नेपाल में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। इसकी वजह से जगह-जगह भूस्खलन भी हो रहा है।

नेपाल के पीएम पुष्प कमल दहल प्रचंड ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बस के बह जाने से लगभग 5 दर्जन यात्रियों के लापता होने की खबर के अलावा नेपाल में कई जगह आई बाढ़ और भूस्खलन से संपत्ति के हुए नुकसान पर दुख है। नेपाल के पीएम ने आगे बताया है कि त्रिशूली नदी में बही बसों के यात्रियों की तलाश और उनके बचाव के लिए निर्देश दिए गए हैं। इस साल मॉनसून के कारण जबरदस्त बारिश हो रही है। नेपाल की नदियों में जबरदस्त उफान आया हुआ है। इस वजह से बह गई बसों के यात्रियों की जान को बड़ा खतरा है।