विवादित ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर ने फर्जी एड्रेस पर बनवाया था विकलांगता प्रमाणपत्र
नई दिल्ली। महाराष्ट्र कैडर की विवादित ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर को लेकर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब पता चला है कि पूजा ने विकलांगता प्रमाणपत्र बनवाने के लिए फर्जी पता लिखवाया था। पूजा ने पिंपरी पुणे के यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल हॉस्पिटल से विकलांगता सर्टिफिकेट बनवाने के लिए एड्रेस प्रूफ में राशन कार्ड लगाया था। उस राशन कार्ड में घर का पता प्लॉट नंबर 53, देहू-आलंदी, तलवडे लिखा था। यह पता किसी घर का नहीं बल्कि एक थर्मोवेरीटा इंजीनियरिंग कंपनी का है और ये कंपनी बंद हो चुकी है। एक और बात सामने आई है कि पूजा की ऑडी कार जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है वो भी इसी कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है।
बढ़ते विवाद के चलते कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एडमिनिस्ट्रेशन एकेडमी ने कल ही पूजा खेडकर की ट्रेनिंग ड्यूटी रद्द करते हुए उनको तुरंत एकेडमी वापस बुलाने का आदेश जारी किया है। इससे पहले कल ही यह खुलासा हुआ था कि पूजा ने दो अलग-अलग नामों से सिविल सेवा परीक्षा दी थी। 2019 में दी गई सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा में ट्रेनी आईएएस ने अपना नाम खेडकर पूजा दीलीप राव लिखा था। हालाँकि, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा 2022 में, जहां पूजा को आईएएस के लिए चुना गया था, वहां पीडब्ल्यूबीडी-मल्टीपल डिसएबिलिटी (एमडी) श्रेणी के तहत ट्रेनी आईएएए ने अपना नाम मनोरमा दिलीप खेडकर दर्ज कराया था।
पूजा पर आरोप है कि आईएएस बनने के लिए अलग-अलग विकलांगता प्रमाणपत्रों, गैर-क्रीमी लेयर ओबीसी कोटा का गलत तरीके से इस्तेमाल किया। केंद्र सरकार ने इस मामले में जांच समिति गठित की है। जांच समिति दो सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं पूजा के माता पिता पर भी किसानों को जमीन के संदर्भ में धमकाने का आरोप में एफआईआर दर्ज है जिसके बाद से वो दोनों फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
