April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एक ही सेंटर से 70 फीसदी तक अभ्यर्थी नीट यूजी में हुए पास!, सेंटर वार नतीजे घोषित करने के बाद सामने आए हैरत कर देने वाले आंकड़े

नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शहर और सेंटर वार नीट यूजी परीक्षा के नतीजे जारी किए हैं। इस तरह नतीजे जारी होने के बाद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। इस तरह नतीजे घोषित होने के बाद जानकारी सामने आई है कि तमाम जगह के सेंटरों में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने नीट यूजी का इम्तिहान पास किया। यहां तक कि एक सेंटर में 70 फीसदी तक अभ्यर्थी नीट यूजी परीक्षा में सफल हुए। अलग-अलग मीडिया हाउस ने नीट यूजी के परीक्षा परिणाम का विश्लेषण कर ये दावा किया है। अब सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान ये मसला उठने पर सामने आएगा कि कोई गड़बड़ी हुई है या नहीं। बता दें कि केंद्र सरकार और एनटीए ने कोर्ट में कहा है कि छोटी सी पेपर लीक की घटना के अलावा नीट यूजी की परीक्षा में गड़बड़ी सामने नहीं आई है।

न्यूज चैनल आजतक ने नीट यूजी परीक्षा परिणाम का विश्लेषण कर बताया है कि गुजरात के राजकोट और अहमदाबाद, राजकोट, गोधरा और सीकर में कई सेंटरों में बड़ी तादाद में अभ्यर्थियों ने अच्छे अंक हासिल कर नीट यूजी की परीक्षा पास की। चैनल ने बताया है कि अहमदाबाद के दिल्ली पब्लिक स्कूल सेंटर में 12 छात्रों ने 700 से ज्यादा अंक हासिल किए। इसी तरह गुजरात के राजकोट में नीट यूजी का पेपर देने वाले छात्रों में से 70 फीसदी से ज्यादा ने परीक्षा पास कर ली। आरके यूनिवर्सिटी में 1968 अभ्यर्थियों ने इम्तिहान दिया था। जिसमें से 1387 ने नीट यूजी की परीक्षा पास कर ली। 12 से ज्यादा छात्रों ने 700 से ज्यादा अंक हासिल किए। यहां के 115 अभ्यर्थियों ने 650 नंबर नीट यूजी में जुटाए। चैनल के अनुसार नीट यूजी की परीक्षा में राजस्थान में 482 अभ्यर्थियों ने 700 से ज्यादा अंक हासिल किए। इनमें से 149 सीकर के हैं।

वहीं, न्यूज 18 के मुताबिक राजस्थान के सीकर में हर एक सेंटर पर 75 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने 600 से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। कुछ केंद्रों पर ऐसे अभ्यर्थियों की संख्या 150 तक है। सीकर में 600 से ज्यादा नंबर हासिल करने वाले अभ्यर्थियों का औसत राष्ट्रीय औसत से भी ज्यादा है। खबर के मुताबिक सीकर के परीक्षा केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थियों ने नीट यूजी की परीक्षा दी। इनमें से 4200 से ज्यादा ने 600 से ज्यादा अंक हासिल किए। ऐसे 30204 छात्र भी हैं, जिनको 650 या उससे ज्यादा नंबर भी नीट यूजी की परीक्षा में मिले। नीट की परीक्षा इस साल 5 मई को हुई थी। नीट यूजी में पेपर लीक का मामला बिहार में आया था। इसके अलावा गुजरात के एक सेंटर में परीक्षा खत्म होने के बाद ओएमआर शीट पर सॉल्वर्स से सही जवाब दिलाए जाने का खुलासा पुलिस ने किया था। नतीजे आने के बाद ही नीट यूजी में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर हंगामा बरपा है और सुप्रीम कोर्ट में इसे रद्द करने संबंधी 36 अर्जियां अभ्यर्थियों ने दाखिल की हैं।