लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों को सख्त लहजे में दी नसीहत, जानिए क्या कहा
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सदन की मर्यादा बनाए रखने के लिए सांसदों को अक्सर अनुशासन की सीख देते रहते हैं। कई बार जब सांसदों को अनुशासनहीनता के लिए अध्यक्ष के गुस्से का भी शिकार होना पड़ता है। ऐसा ही एक वाकया आज लोकसभा में हुआ जब तीन बार नाम बुलाए जाने पर भी सांसद प्रश्न पूछने के लिए नहीं उठे तो लोकसभा अध्यक्ष ने उनका प्रश्न ही काट दिया। इसके साथ ही उन्होंने सांसदों को नसीहत देते हुए कहा कि जैसे ही उनका नाम पुकारा जाए वो तुरंत रिएक्शन दें।
दरअसल हुआ ये कि पंजाब के बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल को प्रश्नकाल में सवाल पूछना था। इसके लिए लोकसभा अध्यक्ष ने उनका नाम पुकारा मगर उन्होंने सुना नहीं। बाद में जब हरसिमरत कौर प्रश्न पूछने के लिए खड़ी हुईं तो ओम बिरला ने उनको टोकते हुए कहा कि तीन बार आपका नाम पुकारा गया मगर आप बातों में इतनी ज्यादा व्यस्त थीं कि आपने अपना नाम सुना ही नहीं, इसीलिए अब आपका प्रश्न काट दिया गया है। इस पर विपक्ष के अन्य सांसद ऐसा न करने की अपील करने लगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी सांसदों को नसीहत देते हुए कहा कि प्रश्नकाल में अपनी बारी का ध्यान रखें और जैसे ही आपका नाम पुकारा जाए तुरंत अपना सवाल पूछें। हालांकि बाद में लोकसभा अध्यक्ष ने शिअद सांसद हरसिमरत कौर को उनका प्रश्न पूछने की इजाजत दे दी। इससे पहले भी उन्होंने बजट पर चर्चा के दौरान विपक्षी दलों के सांसदों द्वारा हंगामा मचाए जाने को लेकर कहा था कि मंत्रियों को उन सांसदों की बात का बिल्कुल भी संज्ञान नहीं लेना चाहिए, जो अपने स्थान पर बैठे-बैठे बोलते हैं। ओम बिरला ने मंत्रियों को ऐसे सांसदों की टिप्पणी को इग्नोर करने की सलाह देते हुए कहा था कि आप अध्यक्ष की तरफ देखकर अपनी बात पूरी करें।
