April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कौन हैं टिम वाल्ज जिनको डेमोक्रेटिक पार्टी ने बनाया है अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार?

नई दिल्ली। अमेरिका के होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की आधिकारिक प्रत्याशी कमला हैरिस ने आज अपनी पार्टी के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का नाम फाइनल कर लिया। कमला हैरिस ने अपने सहयोगी के तौर पर टिम वाल्ज को चुना है जो उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे। टिम वाल्ज जो बाइडेन के समर्थक रहे हैं मगर उनके चुनाव से हट जाने के बाद उन्होंने कमला हैरिस का समर्थन कर दिया।

टिम वाल्ज फिलहाल मिनेसोटा के गवर्नर हैं, साथ ही वह डेमोक्रेटिक गवर्नर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। टिम वाल्ज मिनेसोटा के मैनकैटो में एक हाई स्कूल शिक्षक और फुटबॉल कोच के रूप में भी काफी समय तक काम कर चुके हैं। टिम वाल्ज के पास आर्मी नेशनल गार्ड में काम करने का भी लंबा अनुभव है। यहां 24 साल तक सेवा देने के बाद टिम मास्टर सार्जेंट के पद से रिटायर हुए थे। वाल्ज अपने काम करने के तरीके और विभिन्न ट्रेड यूनियनों के साथ मधुर संबंधों के कारण लोकप्रिय रहे हैं। रायटर के मुताबिक, मिनेसोटा गवर्नर के रूप में टिम ने कई तरह के ऐसे काम किए हैं जिससे लोगों के मन में उनकी एक अलग ही छाप बन गई है। स्कूलों में मुफ्त खाना, मध्यम वर्ग के लोगों को टैक्स से राहत, मिनेसोटा के श्रमिकों के लिए विस्तारित अवकाश और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लक्ष्य जैसे कई ऐसे काम हैं जिनसे टिम की लोकप्रिय बढ़ी।

जो बाइडेन के राष्ट्रपति के चुनाव से नाम वापस लेने के बाद ही टिम ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ जमकर निशाना साधा था। उसी के बाद से उनके नाम की चर्चा शुरू हो गई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के खराब स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र को लेकर डोनाल्ड ट्रंप और मीडिया द्वारा सवाल उठाए जा रहे थे। इसके बाद 20 जुलाई को बाइडेन ने अचानक ही राष्ट्रपति पद के चुनाव से अपना नाम वापस लेने का ऐलान करते हुए कमला हैरिस के नाम का समर्थन किया था।