April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शरद पवार की सांसद बेटी सुप्रिया सुले का मोबाइल फोन हैक, जानिए हैकर्स ने क्या रखी डिमांड

नई दिल्ली। शरद पवार की बेटी और एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले का मोबाइल फोन हैक हो गया है। यह जानकारी खुद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। इतना ही नहीं सुप्रिया के अनुसार फोन हैक करने वाले ने उनसे अच्छी खासी रकम की डिमांड भी की है। सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को बताया है कि मेरा फोन और व्हाट्सएप हैक हो गया है। कृपया मुझे कॉल या टेक्स्ट मैसेज न भेजें।

एनसीपी (एससीपी) सांसद ने कहा, मैं सभी से अनुरोध करना चाहती हूं कि किसी का भी मोबाइल हैक किया जा सकता है। मेरा मोबाइल बंद था और फिर मुझे पता चला कि कोई और मेरा व्हाट्सएप एक्सेस कर रहा है। मैंने इस संबंध में पुणे पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। मुझे पुणे के एसपी कार्यालय से तत्काल मदद मिली। सरकार को इस बारे में गंभीरता से सोचना चाहिए, यह निजता का मामला है। सुप्रिया ने दावा किया है कि हैकर ने उनसे 400 डॉलर की रकम की डिमांड की है। फिलहाल हैकिंग मामले में पुणे पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू हो गई है।

हैकर्स के बारे में फिलहाल कोई भी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। सुप्रिया ने बताया कि मुझे मेरे फोन में कुछ गड़बड़ी होने का एहसास हुआ। मैंने जयंत पाटिल से मुझे हेलो मैसेज भेजने को कहा। जब उन्होंने मैसेज भेजा तो मुझे फोन से बिना कुछ किए उनको वापस हेलो का मैसेज मिला। इसके बाद मैंने अपना फोन बंद कर दिया। फिर मैंने एक-दो और लोगों से कहा कि वो मुझे मैसेज भेजें। जब उन्होंने मैसेज भेजा को उनको भी मेरे फोन से रिप्लाई गया जबकि मेरा फोन तो बंद था, तब मुझे मालूम चला कि मेरा फोन हैक हो गया है। इसके बाद मैंने तत्काल ऑनलाइन माध्यम से पुलिस को इस बारे में अवगत कराया।