April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘सिविल कोड से सेक्युलर कोड की तरफ जाना होगा, कुछ लोग भारत की प्रगति नहीं देख सकते’, पीएम मोदी का अहम बयान; बांग्लादेश में हिंदुओं के हालात पर भी चिंता जताई

नई दिल्ली। देश के 78वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया। मोदी ने अपने भाषण का फोकस महिलाओं, युवाओं, किसानों और जवानों पर रखा। उन्होंने विकसित भारत के रोड मैप की भी चर्चा की। इस दौरान पीएम मोदी ने समान नागरिक संहिता लाने का संकेत भी दिया। मोदी ने लालकिले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड की चर्चा चल रही है।

देश की सुप्रीम कोर्ट भी हमें यूनिफॉर्म सिविल कोड के लिए कह रही है और देश के संविधान निर्माताओं का भी ये सपना था। मोदी ने कहा कि जो कानून धर्म के आधार पर देश को बांटते हैं, जो ऊंच और नीच का कारण बनते हैं वैसे कानूनों के लिए देश में कोई जगह नहीं हो सकती। हमने सांप्रदायिक सिविल कोड में 75 साल बिताए हैं, अब हमें सेक्यूलर सिविल कोड की तरफ जाना होगा।

मोदी ने इस मौके पर ये भी कहा कि कुछ लोग होते हैं जो प्रगति देख नहीं सकते। कुछ लोग हैं जो भारत का भला देख नहीं देख सकते। जब तक उनका भला न हो तब तक वे किसी का भला नहीं देख सकते। उन्होंने कहा कि ये निराशा की गर्त में डूबे लोग हैं। जब उन लोगों की गोद में विकृति पलती है तो वह विनाश का कारण बन जाती है। अराजकता का मार्ग ले लती है। इससे बहुत बड़ा नुकसान हो जाता है। मोदी ने कहा कि इसलिए ऐसे छिटपुट जो तत्व हैं उनकी गोद में विकृति पल रही है। ये विकृति विनाश के सपने देख रही है। देश को इसे समझना होगा।

उन्होंने ये भी कहा कि जैसे-जैसे हमारा तवज्जो बढ़ेगा, तो चुनौतियां बढ़ने वाली हैं। मोदी ने साथ ही कहा कि ऐसी शक्तियों को कहना चाहता हूं कि भारत का विकास किसी के लिए संकट लेकर नहीं आएगा। हम विश्व में जब समृद्ध थे, तब भी हमने दुनिया को युद्ध नहीं दिया। पीएम मोदी ने बांग्लादेश के हालात पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जो कुछ हुआ है। पड़ोसी देश होने के नाते हम हालात को लेकर चिंतित हैं।

मोदी ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि वहा हालात जल्द सामान्य होंगे। साथ ही वहां के हिंदू, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। हमारे पड़ोसी देश सुख और शांति के मार्ग पर चलें। शांति के प्रति हम समर्पित हैं। हम आने वाले दिनों में बांग्लादेश की विकास यात्रा में हमेशा शुभचिंतक रहेंगे। हम मानव जाति के लिए सोचने वाले लोग हैं। इस तरह मोदी ने बांग्लादेश से साफ कह दिया कि उसे हिंदू समुदाय को हर हाल में सुरक्षा देनी होगी।