भारत बंद के दौरान राजस्थान और हरियाणा के कई जिलों में स्कूल बंद, चलती रहेंगी ये जरूरी सेवाएं
नई दिल्ली। आज भारत बंद है। आरक्षण के बारे में सुप्रीम कोर्ट के बीते दिन आए फैसले के खिलाफ दलितों और आदिवासियों के संगठनों ने भारत बंद का एलान किया है। इस भारत बंद को कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों का भी समर्थन हासिल है। मोदी सरकार में शामिल एलजेपी (आर) ने भी भारत बंद का समर्थन किया है। भारत बंद के कारण राजस्थान और हरियाणा के कई जिलों में बच्चों की सुरक्षा की खातिर स्कूलों को बंद करने का प्रशासन ने फैसला किया है। राजस्थान में जयपुर, भरतपुर, डीग, दौसा, सवाई माधोपुर और गंगापुर में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, हरियाणा के गुड़गांव और झुंझुनू में भी स्कूल बंद रहेंगे।
भारत बंद का आह्वान करने वाले संगठनों ने जरूरी सेवाओं को इसके दायरे से बाहर रखा है। अस्पतालों बंद नहीं रहेंगे। यहां सभी चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा एंबुलेंस सेवा को भी बंद के दायरे में नहीं रखा गया है। सरकारी दफ्तर, बैंक, पेट्रोल पंप वगैरा भी खुले रहेंगे। किसी भी राज्य सरकार ने अपने यहां सार्वजनिक परिवहन को भी आज बंद नहीं रखा है। वहीं, रेल सेवा भी जारी रहने वाली है। हालांकि, कुछ जगह आरक्षण समर्थक प्रदर्शनकारियों की तरफ से रेल रोकने की कोशिश की जा सकती है। भारत बंद शाम 6 बजे तक रहने वाला है। भारत बंद के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा या उपद्रव को रोकने के लिए राज्यों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की है।
अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के संगठनों के भारत बंद की वजह सुप्रीम कोर्ट का 1 अगस्त 2024 को आया फैसला है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि एससी और एसटी आरक्षण में राज्यों को सब कैटेगरी बनाने का अधिकार है। सुप्रीम कोर्ट की 7 जजों की बेंच ने सरकार को ये सलाह भी दी थी कि वो ओबीसी की तरह अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण में क्रीमी लेयर को लागू करे। ताकि इन वर्गों के सभी लोगों को आरक्षण का लाभ मिल सके। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का विरोध जताया जा रहा है। हालांकि, पीएम नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद दलित और आदिवासी सांसदों के साथ बैठक में साफ कहा था कि सरकार आरक्षण से किसी तरह के छेड़छाड़ के खिलाफ है।
